रांची में जमीन के नाम पर 38 लाख की ठगी, रजिस्ट्री कराने पहुंचे तो सामने आया असली मालिक; पैसे मांगने पर दी धमकी
रांची में फर्जी जमीन के कागजात दिखाकर संतोष कुमार सिन्हा से 38 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
फर्जी जमीन कागजात दिखाकर 38 लाख रुपये की ठगी।
पैसे मांगने पर आरोपितों ने की जमकर मारपीट।
जागरण संवाददाता, रांची। रांची में जमीन के फर्जी कागजात दिखाकर 38 लाख रुपये की ठगी करने और पैसे मांगने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।
इस संबंध में धुर्वा सेक्टर दो निवासी संतोष कुमार सिन्हा ने जगन्नाथपुर थाने में हटिया निवासी बुतरू उरांव और उसके पुत्र शशि लकड़ा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, मार्च 2018 में बुतरू उरांव और उसका बेटा शशि लकड़ा उनके घर पहुंचे थे। दोनों ने आर्थिक परेशानी का हवाला देते हुए तुपुदाना थाना क्षेत्र के मौजा डुगरी स्थित अपनी जमीन बेचने की बात कही।
जमीन के कागजात दिखाकर दोनों ने उन्हें भरोसे में लिया। जमीन पसंद आने के बाद दो जून 2018 को 20 डिसमिल जमीन का 55 लाख रुपये में एकरारनामा किया गया। इसके एवज में उन्होंने गवाहों के सामने 10 लाख रुपये नकद दिए। बाद में चेक और नकद के माध्यम से कुल करीब 38 लाख रुपये दोनों को दिए गए।
आरोप है कि जमीन की रजिस्ट्री कराने की बात पर दोनों लगातार टालमटोल करते रहे। जब वह जमीन पर बाउंड्री कराने पहुंचे तो असली जमीन मालिक सामने आया। इसके बाद उन्हें पता चला कि जमीन के जो दस्तावेज दिखाए गए थे, वे फर्जी थे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि 26 अगस्त को वह लखन मुंडा और दो अन्य लोगों के साथ हटिया स्थित आरोपितों के घर पैसे मांगने पहुंचे तो दोनों ने उनके साथ मारपीट की और घसीटकर घर से बाहर निकाल दिया। इस दौरान उनका शर्ट भी फट गया। आरोपितों ने पैसे मांगने पर शूटर बुलाकर हत्या कराने की धमकी भी दी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।