विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हेमंत गद्दी छोड़ें या कांग्रेस वापस ले सपोर्ट', JPSC-JSSC धांधली पर आर-पार के मूड में छात्र

Published: Sat, 15 Aug 2026 10:59 PM (IST)Updated: Sun, 16 Aug 2026 02:06 AM (IST)

रांची में JPSC और JSSC परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ छात्रों का विरोध तेज हो गया है, अब वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी। ANI

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी। ANI

HighLights

  1. छात्रों ने JPSC, JSSC परीक्षाओं में धांधली पर सीएम का इस्तीफा मांगा।

  2. 16 अगस्त को सीएम और राहुल गांधी का पुतला फूंकने का ऐलान।

  3. 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की चेतावनी दी।

डिजिटल डेस्क, रांची। राजधानी रांची में JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित धांधली को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन (Ranchi Students Protest) अब तेज हो गया है। छात्र अब सीधे तौर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

छात्रों का साफ कहना है कि अगर सरकार हमारी मांगों को पूरा नहीं कर सकती तो हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

बता दें कि छात्र JSSC CGL और JPSC की 11वीं से 13वीं परीक्षाओं को रद करने की मांग कर रहे हैं। इसी के साथ, छात्रों की डिमांड है कि परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं की जांच CBI करे।

शनिवार देर शाम प्रत्रकार वार्ता के दौरान छात्रों ने साफ शब्दों में कहा कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो छात्र मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफा दे देना चाहिए। छात्रों ने कहा कि पहली बार मंच से हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग की जा रही है।

कांग्रेस से समर्थन वापस लेने की अपील:

इसी के साथ, प्रदर्शनकारी छात्रों ने कांग्रेस व राहुल गांधी से मांग की है कि अगर मुख्यमंत्री उनकी बात नहीं सुनते हैं, तो वे JMM के नेतृत्व वाले गठबंधन से अपना समर्थन वापस ले लें।

क्या है आगे की रणनीति?

छात्र नेताओं ने घोषणा की है कि उनका आंदोलन अब गांधीवादी तरीके से आगे बढ़ेगा। उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए कई कदम उठाने का एलान किया है।

छात्रों ने घोषणा की है कि वे 16 अगस्त को राज्य के सभी 24 जिलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूकेंगे। राहुल गांधी का पुतला इसलिए फूंका जाएगा, क्योंकि छात्रों का मानना है कि कांग्रेस उनकी मांगों के बावजूद झारखंड सरकार का समर्थन कर रही है।

मुख्यमंत्री आवास का घेराव:

इसके अलावा, छात्रों ने चेतावनी दी है कि 10 अगस्त को किया गया विधानसभा घेराव सिर्फ एक ट्रेलर था, और वे 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आश्वासन

विरोध प्रदर्शनों के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छात्रों को आश्वासन दिया है कि राज्य सरकार परीक्षा प्रणाली में बदलाव लाने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में JPSC और JSSC जैसी संस्थाओं द्वारा आयोजित परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। सरकार ने शिक्षा प्रणाली में सुधार के लिए छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से सुझाव मांगने के लिए यह पहल शुरू की है।

यह भी पढ़ें- झारखंड में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का हल्ला बोल: 20 अगस्त को CM आवास घेराव का एलान, मांगा हेमंत सोरेन का इस्तीफा

यह भी पढ़ें- रांची छात्र आंदोलन: 'आखिरी सांस तक शान से तिरंगा फहराना चाहता हूं', स्टूडेंट लीडर देवेंद्र महतो की हुंकार