रांची में नौकरी के नाम पर ठगी, फर्जी लेटरपैड और सील से युवाओं को थमा रहे थे ऑफर लेटर
रांची के अशोक नगर में 'बेस्ट जॉब' नाम से फर्जी कार्यालय चलाकर युवाओं को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगा जा रहा है।

एआई से बनाई गई तस्वीर
HighLights
रांची के अशोक नगर में फर्जी जॉब ऑफिस सक्रिय।
राइडर सिक्योरिटी सर्विस के नाम पर युवाओं से ठगी।
कंपनी ने पुलिस से जांच और कार्रवाई की मांग की।
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी के अशोक नगर में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी का मामला सामने आया है। राइडर सिक्योरिटी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड ने अशोक नगर गेट नंबर 4 के पास बेस्ट जाब नाम से फर्जी कार्यालय संचालित होने की शिकायत की है।
कंपनी का आरोप है कि कार्यालय चलाने वाले असामाजिक तत्व उसके नाम का फर्जी लेटरपैड और मुहर इस्तेमाल कर युवाओं को नौकरी का झांसा दे रहे हैं।
इस संबंध में कंपनी की ओर से पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार, फर्जी कार्यालय के संचालक कंपनी के नाम पर सरकारी और गैर सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने का दावा कर युवाओं को कथित आफर लेटर दे रहे हैं। इसके एवज में उनसे मोटी रकम की वसूली की जा रही है।
कंपनी ने आशंका जताई है कि युवाओं से ऑनलाइन माध्यम से भी पैसे लिए जा रहे हैं। इस पूरे फर्जीवाड़े में कंपनी की डिजिटल पहचान, लेटरपैड और नकली मुहर का दुरुपयोग किया जा रहा है।
कंपनी प्रबंधन का कहना है कि इस गतिविधि से उसकी व्यावसायिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है। साथ ही भविष्य में नौकरी के नाम पर होने वाले वित्तीय लेन-देन के लिए कंपनी को गलत तरीके से जिम्मेदार ठहराया जा सकता है।
कंपनी ने अपने स्तर से भी मामले की जांच करने और उससे संबंधित साक्ष्य शिकायत के साथ उपलब्ध कराने की बात कही है।
कंपनी ने पुलिस से अशोक नगर गेट नंबर 4 के पास संचालित बेस्ट जाब कार्यालय की जांच कराने, फर्जीवाड़े में शामिल लोगों की पहचान करने और कार्यालय को सील करने सहित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- CM हेमंत सोरेन ने CJI को लिखा पत्र, रांची होई कोर्ट में नए मुख्य न्यायाधीश की तत्काल नियुक्ति की मांग