दुर्गा पूजा के लिए रांची में नया ट्रैफिक प्लान लागू, जानें वाहन प्रतिबंध और नई पार्किंग व्यवस्था
रांची में दुर्गा पूजा के दौरान 14 से 21 अक्टूबर तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। छोटे और ...और पढ़ें
HighLights
14-21 अक्टूबर तक रांची में ट्रैफिक व्यवस्था बदली।
मेन रोड पर शाम 3:30 बजे से छोटे वाहन प्रतिबंधित।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष पार्किंग स्थल बनाए गए।
जागरण संवाददाता, रांची। दुर्गा पूजा के दौरान राजधानी रांची में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है। 14 से 21 अक्टूबर तक शहर में वाहनों के परिचालन और पार्किंग की व्यवस्था बदली रहेगी।
मेन रोड में शाम 3:30 बजे से अगले दिन सुबह 3 बजे तक छोटे वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही पर सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 4 बजे तक रोक रहेगी।
पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने होंगे। यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर ड्राप गेट और बैरियर लगाने की व्यवस्था की है, ताकि पूजा के दौरान जाम की स्थिति से निपटा जा सके।
मेन रोड में शाम साढ़े तीन बजे से नो एंट्री
यातायात पुलिस के आदेश के अनुसार, 14 से 21 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 3:30 बजे से अगले दिन सुबह 3 बजे तक मेन रोड में छोटे वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। कचहरी चौक से शहीद चौक, फिरायालाल चौक होते हुए सुजाता चौक की ओर निजी वाहन, आटो, ई रिक्शा और छोटे मालवाहक वाहन नहीं जा सकेंगे।
सुजाता चौक की ओर से मेन रोड आने वाले वाहनों को सैनिक मार्केट और जीईएल चर्च काम्प्लेक्स तक ही जाने की अनुमति होगी। न्यू मार्केट चौक से किशोरगंज चौक तक भी इसी अवधि में छोटे वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
पिस्का मोड़ से रातू रोड होते हुए न्यू मार्केट आने वाले छोटे वाहनों को मिनाक्षी सिनेमा मोड़, पहाड़ी मंदिर और किशोरगंज चौक के रास्ते हरमू की ओर जाना होगा। हरमू की ओर से किशोरगंज होकर रातू रोड आने वाले चारपहिया वाहन किशोरगंज चौक तक ही जा सकेंगे।
भारी वाहनों के प्रवेश पर रहेगी रोक
14 से 21 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 4 बजे तक शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए 17 स्थानों पर ड्राप गेट और बैरियर लगाए जाएंगे। इनमें ला यूनिवर्सिटी कांके, बोड़ेया रिंग रोड, बीआइटी नेवरी गोलचक्कर, खेलगांव से कोकर जाने वाला मार्ग, दुर्गा सोरेन चौक, रामपुर, खरसीदाग,, बिरसा चौक, शहीद मैदान, सिठियो, नया सराय, घाघरा पुल, कटहल मोड़ समेत प्रमुख स्थान शामिल हैं।
रिंग रोड से सिठियो और नया सराय आने वाले मार्गों के साथ घाघरा पुल तथा ब्रिजफोर्ड स्कूल के पास भी बैरियर लगाए जाएंगे। आवश्यक सामग्री लेकर आने वाले वाहनों को सुबह 3 बजे से 8 बजे के बीच शहर में प्रवेश की अनुमति होगी।
अलग अलग मार्गों से गुजरेंगे छोटे वाहन
कांके रोड से कचहरी चौक आने वाले छोटे वाहन जाकिर हुसैन पार्क और रेडियम रोड होकर जाएंगे। लालपुर चौक से कचहरी आने वाले वाहन जेपीएससी कार्यालय तक ही जा सकेंगे। बरियातू रोड से अल्बर्ट एक्का चौक की ओर आने वाले वाहनों को लाइन टैंक रोड स्थित रामगढ़ ट्रेकर पड़ाव तक जाने की अनुमति होगी।
डंगराटोली चौक से सर्जना चौक की ओर आने वाले वाहनों को मिशन चौक तक ही जाने दिया जाएगा। लालपुर से कोकर जाने वाला मार्ग वन वे रहेगा। इस ओर से वाहन सदर थाना वाले मार्ग से कोकर जाएंगे, जबकि कोकर से लालपुर आने वाले वाहनों को कांटाटोली होकर जाना होगा।
हरमू रोड से छोटे वाहन अरगोड़ा चौक, कडरू, सुजाता चौक और मुंडा चौक होते हुए कांटाटोली जा सकेंगे। कांके रोड से आने वाले वाहन राम मंदिर, रणधीर वर्मा चौक, करमटोली और बूटी मोड़ होकर जमशेदपुर या कांटाटोली की ओर जा सकेंगे।
पूजा पंडालों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल
यातायात पुलिस ने अलग अलग मार्गों से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग स्थल तय किए हैं। फिरायालाल से बकरी बाजार जाने वाले श्रद्धालु जिला स्कूल और बालकृष्ण स्कूल परिसर में वाहन खड़े कर सकेंगे। डंगराटोली से सर्जना चौक जाने वाले वाहनों के लिए मिशन चौक और संत जान स्कूल के सामने पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
स्टेशन रोड स्थित पूजा पंडालों में जाने वाले श्रद्धालु रेलवे भर्ती बोर्ड से चुटिया थाना मोड़ तक रेलवे पार्किंग का इस्तेमाल कर सकेंगे। खेलगांव से कोकर की ओर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रामलखन यादव कालेज परिसर में पार्किंग होगी।
कांके रोड से बकरी बाजार जाने वाले वाहन न्यू मार्केट ऑटो स्टैंड के पास खड़े किए जा सकेंगे। हरमू बाइपास से बकरी बाजार जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ा तालाब नदी ग्राउंड के पास, जबकि लालपुर से कोकर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए साधु मैदान और बिजली कार्यालय के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
बरियातू रोड से आने वाले श्रद्धालु नागाबाबा खटाल और जाकिर हुसैन पार्क के पास वाहन खड़े कर सकेंगे। इसके अलावा बिरसा मुंडा संग्रहालय परिसर, रांची विश्वविद्यालय, अटल वेंडर मार्केट, जयपाल सिंह स्टेडियम के पास और संत जेवियर कालेज परिसर में भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
ट्रैफिक प्लान का पालन करने की अपील
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि पूजा पंडालों में जाने के लिए निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करें और वाहनों को केवल तय पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन ले जाने से जाम की समस्या बढ़ सकती है। पूजा के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन सुचारु रखने के लिए यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करना जरूरी होगा।
