विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किसी का मोबाइल हैक तो किसी को भेजा फर्जी लिंक, रांची में चार लोगों के खाते से 14.87 लाख उड़ाए

Published: Wed, 11 Nov 2026 07:00 AM (IST)

रांची में साइबर अपराधियों ने मोबाइल हैकिंग और फर्जी लिंक के जरिए चार लोगों के खातों से 14.87 लाख रुपये ...और पढ़ें

रांची में चार लोगों के खातों से 14.87 लाख रुपये ठगे गए।

रांची में चार लोगों के खातों से 14.87 लाख रुपये ठगे गए।

HighLights

  1. साइबर अपराधियों ने मोबाइल हैकिंग और फर्जी लिंक का उपयोग किया।

  2. रांची में चार लोगों के खातों से 14.87 लाख रुपये ठगे गए।

जागरण संवाददाता, रांची। साइबर अपराधी लोगों के बैंक खाते तक पहुंचने के लिए रोज नए तरीके अपना रहे हैं। कभी मोबाइल हैक कर ओटीपी और बैंकिंग जानकारी हासिल की जा रही है तो कभी मोबाइल पर फर्जी लिंक भेजकर खाते से रकम उड़ाई जा रही है।

राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में साइबर ठगी के चार मामलों में अपराधियों ने कुल 14 लाख 87 हजार 266 रुपये की अवैध निकासी कर ली। किसी का मोबाइल दो घंटे तक बंद रहा तो किसी ने अनजान लिंक पर क्लिक कर दिया। वहीं, एक बुजुर्ग के खाते से दो ट्रांजेक्शन में 7.45 लाख रुपये निकाल लिए गए। सभी पीड़ितों ने साइबर क्राइम थाना और हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है।

मोबाइल हैक कर चार बार में निकाले 99 हजार

अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पंचम नगर निवासी सुबोध कुमार का मोबाइल नंबर हैक कर बैंक खाते से 99 हजार रुपये निकाल लिए गए। उनका बैंक आफ इंडिया की हरमू शाखा में खाता है। उनका मोबाइल करीब दो घंटे तक बंद रहा। मोबाइल चालू होने पर खाते से रुपये निकलने की जानकारी मिली।

चार बार में 50 हजार, 30 हजार, 15 हजार और चार हजार रुपये की निकासी की गई। खास बात यह रही कि इस दौरान उनके पास ठगों का कोई फोन काल भी नहीं आया था। उन्होंने चारों ट्रांजेक्शन के संदर्भ नंबर पुलिस को उपलब्ध कराए हैं।

बुजुर्ग के खाते से उड़ाए 7.45 लाख

नामकुम के अमेठिया नगर निवासी 68 वर्षीय जय किशोर शर्मा के उत्कर्ष स्माल फाइनेंस बैंक के खाते से छह नवंबर की रात 7.45 लाख रुपये की निकासी कर ली गई। पहली बार में 2.50 लाख और दूसरी बार में 4.95 लाख रुपये निकाले गए। दोनों ट्रांजेक्शन के बाद रात 10:16 और 10:18 बजे उनके मोबाइल पर मैसेज आया। जानकारी मिलते ही उन्होंने बैंक के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर खाता फ्रीज कराने की कार्रवाई की। इसके बाद 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।

मोबाइल पर लिंक आया, युवती के खाते से 2.48 लाख गायब

सिकिदिरी थाना क्षेत्र के जयडीहा कुसुमटोली निवासी 21 वर्षीय निरासो कुमारी के दो बैंक खातों से 2.48 लाख 500 रुपये की निकासी हुई। छह अक्टूबर को उनके मोबाइल पर एक लिंक आया था, जिस पर उन्होंने क्लिक कर दिया। अगले दिन मोबाइल बंद हो गया। 28 अक्टूबर को जांच कराने पर उन्हें साइबर ठगी का पता चला। उनके एक खाते से 77 हजार और दूसरे से 1.71 लाख 500 रुपये की निकासी हुई। उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।

दो ट्रांजेक्शन में विजय तिर्की के 4.14 लाख पार

कोकर के डेला टोली जेवियर नगर निवासी विजय तिर्की के केनरा बैंक खाते से नौ नवंबर को 4 लाख 14 हजार 766 रुपये निकाल लिए गए। पहली बार 2 लाख 67 हजार 766 रुपये और दूसरी बार 1 लाख 47 हजार रुपये की निकासी हुई। ठगी का पता चलने पर उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 और पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में शिकायत का एक्नालेजमेंट नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है।

कैसे बचें साइबर ठगी से?

- मोबाइल पर आए किसी भी अंजान लिंक पर क्लिक नहीं करें। बैंक, बिजली विभाग, केवाईसी अपडेट या इनाम के नाम पर आए लिंक की पहले आधिकारिक माध्यम से जांच करें।

- मोबाइल में अंजान एप डाउनलोड नहीं करें। किसी के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस एप इंस्टाल करने से बचें।

- बैंक खाते का ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी और यूपीआइ पिन किसी के साथ साझा नहीं करें। बैंक अधिकारी भी फोन पर ये जानकारी नहीं मांगते।

- अचानक मोबाइल नेटवर्क बंद होने या सिम काम नहीं करने पर सतर्क हो जाएं। दूसरे फोन से तत्काल मोबाइल आपरेटर और बैंक से संपर्क कर सिम तथा खाते की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

- बैंक खाते में ट्रांजेक्शन अलर्ट चालू रखें। नियमित रूप से बैंक स्टेटमेंट और यूपीआई ट्रांजेक्शन की जांच करें। किसी संदिग्ध निकासी पर तुरंत बैंक को सूचित करें। 

यह भी पढ़ें- बगहा में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 1.25 लाख रुपये की ठगी, CBI अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने दिया झांसा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।