विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बगहा में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 1.25 लाख रुपये की ठगी, CBI अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने दिया झांसा

Published: Tue, 10 Nov 2026 05:39 PM (IST)

पश्चिम चंपारण के बगहा में सतीश कुमार डिजिटल अरेस्ट का शिकार हुए, जहां साइबर ठगों ने खुद को सीबीआई अधिकारी ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. बगहा निवासी सतीश कुमार से डिजिटल अरेस्ट कर ठगी।

  2. साइबर ठगों ने सीबीआई अधिकारी बनकर 1.25 लाख लूटे।

  3. मनी लॉन्ड्रिंग धमकी देकर वीडियो कॉल पर पैसे ऐंठे।

जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण)। बगहा बाजार के बनकटवा निवासी सतीश कुमार को डिजिटल अरेस्ट कर साइबर ठगों ने 1,25,700 रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने खुद को सीबीआइ अधिकारी बताते हुए सात करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला मामले में फंसाने की धमकी दी।

करीब 15 दिनों तक वीडियो कॉल के जरिए दबाव बनाकर अलग-अलग खातों और यूपीआइ आइडी में रुपये ट्रांसफर करा लिए। तीन महीना पहले ठगी के बाद पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और छह नवंबर को बगहा साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।

पीड़ित के आवेदन के अनुसार, कुछ दिन पहले उसके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को सीबीआइ अधिकारी बताया और कहा कि उसके बैंक खाते में सात करोड़ रुपये की अवैध रकम आई है।

यह राशि मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला से जुड़ी है। ठगों ने बताया कि उसके खिलाफ सीबीआइ में केस दर्ज है और डिजिटल अरेस्ट वारंट जारी किया गया है। इसके बाद ठगों ने उसे वीडियो कॉल पर जोड़ लिया।

पुलिस वर्दी जैसी ड्रेस पहने लोगों ने खुद को अधिकारी बताते हुए लगातार धमकाना शुरू कर दिया। कहा कि निर्दोष साबित होने के लिए तत्काल बताए गए खाते में रुपये जमा करने होंगे। ऐसा नहीं करने पर पुलिस घर पहुंचकर गिरफ्तार कर लेगी और बैंक खाता सीज कर दिया जाएगा।

सतीश के अनुसार लगभग तीन महीने पहले 13 अगस्त से 27 अगस्त तक ठगों ने उसे लगातार वीडियो कॉल पर बनाए रखा। उसे फोन काटने नहीं दिया गया और अलग-अलग तरीके से मानसिक दबाव बनाया गया।

गिरफ्तारी के डर से उसने ठगों के बताए खातों और यूपीआइ आइडी पर अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 1,25,700 रुपये भेज दिए। रकम ट्रांसफर होते ही ठगों ने मोबाइल बंद कर दिया और वीडियो कॉल भी काट दी।

बाद में सतीश को जब ठगी का एहसास हुआ तो उसने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की। इसके बाद छह नवंबर को साइबर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी।

मामले में टेलीकॉम कंपनी की अधिकारी बताई गई कृति शर्मा, कथित आइपीएस सुनील कुमार गौतम, दारोगा रमेश प्रधान, राहुल शर्मा, सीबीआइ टीम के लीडर बताए गए प्रदीप सिंह सहित अन्य मोबाइल नंबर धारकों को नामजद किया गया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मोबाइल नंबर और ठगी में इस्तेमाल बैंक खातों व यूपीआई ट्रांजेक्शन की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- CCTV पर स्प्रे, जंजीर से बांधकर खींचने लगे ATM! तभी बजा सायरन और बच गए ₹18 लाख; मुजफ्फरपुर में सनसनी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।