CCTV पर स्प्रे, जंजीर से बांधकर खींचने लगे ATM! तभी बजा सायरन और बच गए ₹18 लाख; मुजफ्फरपुर में सनसनी
मुजफ्फरपुर के गोबरसही-डुमरी रोड पर बदमाशों ने एसबीआई एटीएम उखाड़ने का प्रयास किया। अलार्म बजने और पुलिस के पहुंचने से ...और पढ़ें
HighLights
बदमाशों ने माई स्थान के पास एसबीआई एटीएम उखाड़ने का प्रयास किया।
एटीएम अलार्म से पुलिस पहुंची, 18 लाख रुपये से अधिक बचे।
सुरक्षा गार्ड न होने से एटीएम सुरक्षा पर सवाल उठे।
गोपाल तिवारी, मुजफ्फरपुर। गोबरसही-डुमरी रोड स्थित माई स्थान के पास बदमाशों ने एसबीआई का एटीएम उखाड़कर ले जाने का प्रयास किया। हालांकि, एटीएम का अलार्म बजने और संबंधित लोगों के मोबाइल पर सूचना पहुंचने से सदर थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही बदमाश भाग निकले। इससे एटीएम में रखे 18 लाख रुपये से अधिक नकदी लूटने से बच गई। घटना के बाद पुलिस, बैंक और एटीएम संचालन करने वाली एजेंसी जांच में जुट गई है।
हैरानी की बात यह है कि इतने रुपये वाले एटीएम की सुरक्षा के लिए कोई गार्ड तैनात नहीं था। एनसीआर एजेंसी की ओर से इस एटीएम का संचालन किया जाता है। ऐसे में एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
कैमरे पर स्प्रे कर मशीन उखाड़ने की साजिश
बताया जाता है कि बदमाश मोटी सिकड़ लेकर पहुंचते हैं। सबसे पहले एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे पर स्प्रे कर उसे अंधेरा कर देते हैं। इसके बाद सिकड़ के सहारे जोरदार झटका देकर मशीन को उखाड़कर नीचे गिराते हैं और फिर गाड़ी में लादकर फरार हो जाते हैं। गोबरसही में भी इसी तरीके से एटीएम ले जाने की कोशिश की गई।
आठ महीने में दूसरी बार एटीएम को बनाया निशाना
जिले में एटीएम उखाड़कर चोरी करने की यह दूसरी बड़ी कोशिश है। आठ मार्च को सरैया में एसबीआई का एटीएम उखाड़कर बदमाश ले गए थे। उस समय मशीन में महज डेढ़ लाख रुपये थे। इसके बाद कुछ समय तक इस तरह की घटनाओं पर विराम लगा रहा।
अप्रैल, मई और जून में बदमाशों ने बेतिया और मोतिहारी की ओर रुख कर लिया था। वहां एटीएम काटने और उखाड़ने की घटनाएं हुई थी। काफी दिनों बाद मुजफ्फरपुर में फिर इस तरह की घटना सामने आने से एटीएम की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।