विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड के कपल का हनीमून हुआ खराब, ईरान-इजराइल संघर्ष के बीच दुबई में फंसे; अब 10 दिन बाद होगी वतन वापसी

By Anuj TiwaryEdited By: Krishna Bahadur Singh Parihar
Published: Mon, 09 Mar 2026 11:13 AM (GMT+05:30)

रांची के नवदंपति अतुल उरांव और डॉ. कंचन बाड़ा खाड़ी क्षेत्र में युद्ध तनाव के कारण दुबई में फंस गए ...और पढ़ें

अतुल उरांव और उनकी पत्नी डॉ. कंचन बाड़ा। फोटो जागरण

 अतुल उरांव और उनकी पत्नी डॉ. कंचन बाड़ा। फोटो जागरण

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, रांची। खाड़ी क्षेत्र में बढ़े युद्ध तनाव के बीच दुबई में फंसे रांची के नवदंपति के आखिरकार सुरक्षित स्वदेश लौटने का रास्ता साफ हो गया है। स्टील अथारिटी ऑफ इंडिया (सेल) रांची के अधिकारी अतुल उरांव और लातेहार निवासी उनकी पत्नी डॉ. कंचन बाड़ा मंगलवार सुबह करीब 9 बजे मुंबई से रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उनकी वापसी की खबर से परिवार और शुभचिंतकों में राहत और खुशी का माहौल है।

अतुल उरांव और डॉ. कंचन बाड़ा का विवाह 22 फरवरी को रांची में आदिवासी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ था। विवाह के बाद हनीमून के लिए दोनों 27 फरवरी को दुबई गए थे।

उनकी वापसी 4 मार्च को तय थी, लेकिन इसी बीच खाड़ी क्षेत्र में अचानक बढ़े युद्ध तनाव और अस्थिर हालात के कारण कई उड़ानें रद हो गईं। इसके चलते दोनों दुबई में ही फंस गए।

लगातार उड़ानें रद्द होने से नवदंपति को लगभग एक सप्ताह तक अनिश्चितता और चिंता के बीच इंतजार करना पड़ा। इस दौरान उन्होंने सरकार से सुरक्षित वापसी में मदद की गुहार भी लगाई थी। कई बार टिकट बुक करने की कोशिश के बावजूद अंतिम समय में उड़ानें रद हो जाती थीं।

1.12 लाख रुपये खर्च करने पर मिला टिकट

अतुल उरांव ने बताया कि आखिरकार 8 मार्च को उन्हें स्वदेश लौटने का टिकट मिल सका, लेकिन इसके लिए उन्हें करीब 1.12 लाख रुपये खर्च करने पड़े। उन्होंने कहा कि लगातार उड़ानें रद होने के कारण हर दिन चिंता और असमंजस में बीत रहा था। भारत लौटने के बाद अब काफी राहत महसूस हो रही है।

नवदंपति के रिश्तेदार और सामाजिक कार्यकर्ता अनिल अमिताभ पन्ना ने उनकी सुरक्षित वापसी पर संतोष जताते हुए कहा कि आपात परिस्थितियों में हवाई टिकटों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि संकट की स्थिति में सरकार और संबंधित एजेंसियों को हस्तक्षेप कर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि विदेशों में फंसे नागरिकों को अनावश्यक आर्थिक बोझ न उठाना पड़े।

करीब एक सप्ताह तक चिंता में डूबे परिजनों के लिए यह खबर बड़ी राहत लेकर आई है। नवदंपति की सुरक्षित वापसी की सूचना मिलते ही परिवार, मित्रों और परिचितों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है। अब सभी को उनके सकुशल रांची पहुंचने का इंतजार है।

यह भी पढ़ें- झारखंड में 647 स्वास्थ्य केंद्रों को मिलेगा भवन, कई हेल्थ सेंटर होंगे अपग्रेड; केंद्र ने जारी किए ₹516 करोड़

यह भी पढ़ें- हिंदू समाज अपनी जड़ों की ओर लौटे, मंदिर और श्मशान पर सबका हो समान अधिकार: सुनीता हलदेकर