रांची में छठ महापर्व पर दिखा उत्साह, राज्यपाल-मंत्री समेत हजारों व्रतियों ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य
रांची में चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन हजारों व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया।

हटनिया तालाब में राज्यपाल। जागरण
HighLights
राज्यपाल संतोष गंगवार ने बड़ा तालाब पर अर्घ्य दिया।
रांची के 70 से अधिक तालाबों पर छठ पूजा हुई।
बुंडू सूर्य मंदिर में 5000 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए।
जागरण संवाददाता, रांची। चार दिवसीय लोकपर्व छठ के तीसरे दिन रविवार की शाम हजारों व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। बड़ा तालाब में राज्यपाल संतोष गंगवार, रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, मेयर रोशनी खलखो आदि शामिल हुए और सूर्य को अर्घ्य दिया।
वहीं, चडरी तालाब में भी भव्य गंगा आरती के साथ हज़ारों श्रद्धालु शामिल हुए। इनके अलावा तिरिल तालाब, हटनिया तालाब, डिस्टिलरी तालाब सहित करीब 70 तालाबों में अर्घ्य दिया।
कुछ लोगों ने अपने घरों की छतों पर कृत्रिम तालाब बनाकर सूर्य को अर्घ्य दिया। चारों तरफ छठ गीत बज रहे थे।
राज्यपाल ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार बड़ा तालाब के बाद हटनिया तालाब (नक्षत्र वन) में छठ पूजा में सम्मिलित होकर छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
इस अवसर पर उन्होंने बड़ा तालाब के समीप स्थित सूर्य मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। राज्यपाल ने सभी को लोक आस्था के महापर्व छठ की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि छठ हमारी आस्था, श्रद्धा, परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व है। सूर्योपासना का यह पर्व हमें पवित्रता, अनुशासन, संयम और समर्पण की प्रेरणा देता है। इसमें अस्ताचलगामी और उदयमान, दोनों ही सूर्य की उपासना की जाती है।

छठ महापर्व की एक विशेषता इसकी सामाजिक समरसता भी है, जिसमें समाज के सभी वर्गों के लोग पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ सहभागी बनते हैं। यह हमारी सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव का सुंदर उदाहरण है।
वैश्विक हुआ छठ महापर्व
राज्यपाल ने कहा कि छठ महापर्व अब केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया सहित विश्व के अनेक देशों में भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस पर्व की वैश्विक पहचान और लोगों के अपनी सांस्कृतिक जड़ों से गहरे जुड़ाव को दर्शाते हैं।
राज्यपाल ने सभी छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए भगवान भास्कर एवं छठी मैया से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
इस मौके पर स्टूडेंट फेडरेशन बड़ा तालाब छठ पूजा समिति ने भव्य एवं आकर्षक रूप से पुष्प एवं विद्युत सज्जा कराई गई थी।
कार्यक्रम में श्री महावीर मंडल पूर्व अध्यक्ष रवि कुमार पिंकू एवं अशोक पुरोहित , विनय सरावगी, शमशेर आलम, साहेब अली , वार्ड पार्षद मो असलम का स्वागत चुनड़ी ओढ़ाकर एवं माला पहनाकर किया गया ।
स्टूडेंट फेडरेशन बड़ा तालाब छठ पूजा समिति के संरक्षक राजीव रंजन मिश्रा ने सभी छठ व्रतधारियों के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
बुंडू सूर्य मंदिर में 5000 से अधिक श्रद्धालु हुए शामिल
छठ महापर्व के अवसर पर प्रधान नगर बुंडू स्थित सूर्य उपासना भवन के छठ घाट पर कल्पना मारू के साथ अस्ताचलगामी सूर्य देव को पहला अर्घ्य दिया। सूर्य उपासना भवन बुंडू में छठ पर्व के उपलक्ष में 5000 से अधिक श्रद्धालु उपस्थित थे। प्रशासन ने बहुत अच्छी व्यवस्था वहां की थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।