रांची: छठ घाटों पर तीन फीट की गहराई के बाद होगी बैरिकेडिंग, NDRF-SDRF की टीम रहेगी तैनात
डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने रांची के 12 छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
घाटों पर तीन फीट गहराई के बाद होगी बैरिकेडिंग।
एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें रहेंगी तैनात।
जागरण संवाददाता, रांची। छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। घाटों पर पानी की तीन फीट गहराई के बाद बैरिकेडिंग की जाएगी। खतरनाक और गहरे जल वाले स्थानों को चिह्नित कर चेतावनी संकेतक लगाए जाएंगे।
अत्यंत संवेदनशील घाटों पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात रहेंगी। साथ ही घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को समतल और सुगम बनाने, पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और सुरक्षित बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बुधवार को शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय समय पर पूरे किए जाएं।
उपायुक्त ने हातमा, कांके डैम, मधुकम, हटनिया, बड़ा तालाब, जेल तालाब, चडरी, अरगोड़ा, धुर्वा, बटन तालाब, बनस तालाब (चुटिया) और पावर हाउस तालाब स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया।
गोताखोरों के मोबाइल नंबर साझा करने का निर्देश
उपायुक्त ने संवेदनशील घाटों पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों की तैनाती के साथ जरूरत के अनुसार गोताखोरों, बचाव दल और आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभी पूजा समितियों को गोताखोरों के मोबाइल नंबर साझा करने को कहा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
घाटों तक पहुंचने वाले एप्रोच रोड पर डस्ट डालकर उसे समतल करने का निर्देश दिया गया, जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी नहीं हो। भीड़ नियंत्रण, सुगम आवाजाही और फिसलन वाले स्थानों को सुरक्षित बनाने पर भी जोर दिया गया।
नगर निगम क्षेत्र के बाहर के घाटों पर भी होगी व्यवस्था
उपायुक्त ने नगर निगम क्षेत्र के बाहर स्थित छठ घाटों पर भी सुरक्षा और सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। सभी घाटों पर पूजा समितियों और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा गया। प्रशासनिक एवं पुलिस बल की तैनाती और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न पूजा समितियों ने उपायुक्त एवं उपस्थित वरीय पदाधिकारियों को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश सिंह, पथ निर्माण, विद्युत एवं नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी, समाजसेवी आलोक दुबे, शांति समिति के सदस्य जयसिंह यादव और सागर कुमार, संबंधित वार्डों के पार्षद तथा छठ तालाब समितियों के अध्यक्ष, सचिव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।