विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची के छठ घाट पर अवैध वसूली का आरोप, 10×10 फीट के लिए मांगे जा रहे 5000; समिति ने की जांच की मांग

Published: Wed, 11 Nov 2026 07:24 PM (IST)

रांची के धुर्वा डैम स्थित सीठियो छठ घाट पर पूजा के लिए जगह देने के नाम पर व्रतियों से पांच ...और पढ़ें

पंडरा नदी घाट पर छठ की तैयारी, दोनों ओर बन रहे कच्चे घाट।

पंडरा नदी घाट पर छठ की तैयारी, दोनों ओर बन रहे कच्चे घाट।

HighLights

  1. धुर्वा डैम छठ घाट पर अवैध वसूली का आरोप।

  2. 10x10 फीट जगह के लिए मांगे जा रहे पांच हजार।

  3. समितियों ने प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग की।

जागरण संवाददाता, रांची। लोक आस्था के महापर्व छठ पर धुर्वा डैम स्थित सीठियो छठ घाट में पूजा के लिए जगह उपलब्ध कराने के नाम पर कथित रूप से रुपये वसूले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि घाट पर 10 गुणा 10 फीट की जगह के लिए छठ व्रतियों से पांच हजार रुपये तक मांगे जा रहे हैं।

इसको लेकर नव युवक संघ दुर्गा पूजा सह छठ पूजा समिति और वीर एकलव्य क्लब ने कड़ा विरोध जताया है। बुधवार को न्यू मार्केट, सीटीओ रोड, धुर्वा में आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सीठियो गांव निवासी शिवा तिर्की पिछले कुछ वर्षों से घाट की साफ-सफाई और व्यवस्था के नाम पर व्रतियों से मनमानी राशि वसूल रहे हैं।

समिति ने कहा कि सार्वजनिक छठ घाट पर पूजा करने के लिए श्रद्धालुओं से रुपये लेना अनुचित है। हालांकि, आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2010 से सीठियो छठ घाट पर निःशुल्क सेवा शिविर लगाया जा रहा है।

श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग, रोशनी, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, अर्घ्य के लिए दूध और चाय की व्यवस्था बिना शुल्क की जाती है। समिति ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर वसूली रोकने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

पदाधिकारियों ने कहा कि छठ आस्था और समानता का पर्व है, इसे कमाई का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा। प्रेस वार्ता में अध्यक्ष रवि शंकर, उपाध्यक्ष एवं सचिव रंजन कुमार, कार्यकारिणी अध्यक्ष अशोक कुमार और मीडिया प्रभारी संजय कुमार शामिल रहे।

पंडरा नदी घाट पर छठ की तैयारी, दोनों ओर बन रहे कच्चे घाट

पंडरा नदी पर स्थित नया टोली छठ घाट पर छठ महापर्व की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। घाट की सफाई का कार्य आयोजन समिति के प्रमोद सिंह अंटी के नेतृत्व में किया जा रहा है। मेयर रोशनी खलखो भी इस कार्य में समिति को पूर्ण सहयोग दे रही हैं।

जेसीबी की सहायता से नदी से खरपतवार और गंदगी को साफ कर दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नदी के दोनों ओर कच्चे घाटों का निर्माण किया जा रहा है। पानी के बहाव को रोकने के लिए रेत की बोरियों का उपयोग किया जा रहा है, ताकि व्रतियों को अर्घ्य देने में कोई परेशानी न हो।

समिति की ओर से घाट पर 100 से अधिक चेंजिंग रूम बनाए जा रहे हैं और 150 से अधिक मेटल लाइट लगाई जा रही है, ताकि रात में भी घाट पर उजाला बना रहे। इस घाट पर प्रत्येक वर्ष 35 हजार से अधिक श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य देने पहुंचते हैं।

आयोजन को सफल बनाने में सुक्का उरांव, सोनू कच्छप, विकास कुमार, रितेश, राकेश साहनी, जितेंद्र, राधे शर्मा, मदन कच्छप, रिंकू सिंह, वसंत बिन्ना, मुन्ना बांडो, छोटू बांडो, बुलेन्दर,पवन सिंह, दुर्गा सहित कई कार्यकर्ता सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।