विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में प्रिंस खान का आतंक: कारोबारियों से बार-बार मांग रहा रंगदारी, इस नंबर से करता है कॉल 

Published: Sun, 15 Mar 2026 10:50 PM (IST)

रांची में प्रिंस खान नामक अपराधी एक ही नंबर का उपयोग कर कारोबारियों से लगातार रंगदारी मांग रहा है, जिससे ...और पढ़ें

प्रिंस खान का फाइल फोटो

प्रिंस खान का फाइल फोटो

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, रांची। शहर के कारोबारी लगातार डर और भय के माहौल में जी रहे हैं, क्योंकि प्रिंस खान नामक अपराधी कई महीनों से एक ही नंबर 971545920432 का इस्तेमाल कर उनसे बार-बार रंगदारी मांग रहा है।

यह मामला रांची के व्यापारिक समुदाय के लिए चिंता का विषय बन गया है। कारोबारी क्षेत्र में भय का माहौल इस कदर बढ़ गया है कि व्यवसायी अपने कारोबार और जीवन सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, टीटोस रेस्टोरेंट के संचालक राजकुमार गोप से 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। पैसा नहीं देने पर अपराधियों ने रेस्टोरेंट के वेटर मनीष की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

मनीष की हत्या के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हत्या के बाद प्रिंस खान फिर सक्रिय हो गया। खरीसीदाग में रहने वाले जमीन कारोबारी सतीश कुमार से भी एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई।

इसके बाद संजय रजगढ़िया से भी एक करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की गई। पुलिस ने इन मामलों में कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज की है।

पिछले वर्ष सितंबर में कारोबारी कृष्ण गोपलका से दस करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इन सभी मामलों में प्रिंस खान द्वारा लगातार एक ही नंबर से रंगदारी की मांग की गई।

सात मार्च को वेटर की हुई थी हत्या 

सात मार्च को हुई मनीष की हत्या के मामले में किसी को पकड़ने या पहचानने में सफलता नहीं मिली है। दुबई में बैठा प्रिंस खान रांची में कारोबारियों के लिए डर का प्रतीक बन गया है। 

उसके लगातार रंगदारी मांगने और धमकाने की घटनाओं ने व्यापारिक माहौल को असुरक्षित कर दिया है। पुलिस फिलहाल केवल प्राथमिकी दर्ज करने तक ही सीमित है।

शहर के व्यापारिक समुदाय का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई न होने के कारण डर और दहशत का माहौल जारी है। कारोबारी अब सार्वजनिक स्थानों पर भी सुरक्षित नहीं हैं और हर समय सतर्क रहने को मजबूर हैं।

रांची को भय मुक्त बनाने की मांग

झारखंड चेंबर आफ कामर्स के चेयरमैन और लॉ एंड आर्डर मुकेश कुमार अग्रवाल का कहना है कि राजधानी के प्रतिष्ठित दवा व्यवसायी से रंगदारी मांगने की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है।

राजधानी के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में इस प्रकार की घटनाओं से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न होती है। राज्य में उद्योग और व्यापार को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण बेहद आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि यदि व्यापारियों से इसी प्रकार रंगदारी की मांग की घटनाएं होती रहीं तो इससे आर्थिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

जिला पुलिस प्रशासन से आग्रह है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित जांच कर दोषियों की पहचान की जाए और उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

झारखंड चेंबर आफ कामर्स की ओर से व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए रांची में भयमुक्त माहौल बनाए रखने की अपील की गई है।

यह भी पढ़ें- डोबो जमीन खरीद मामले में फंसे यूपी संघ के पूर्व दिग्गज, नई कमेटी करेगी दूध का दूध और पानी का पानी 

यह भी पढ़ें- चाईबासा में बनेगा मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश का एलान