विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड से राजस्थान का सफर हुआ और भी आसान, 26 अक्टूबर से दौड़ेगी संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस

Published: Fri, 23 Oct 2026 07:17 PM (IST)

पलामू और गढ़वा के रेल यात्रियों को राजस्थान जाने के लिए 26 अक्टूबर से एक नया विकल्प मिलेगा, जब संतरागाछी से खातीपुरा (जयपुर) के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन शुरू होगी।

झारखंड से राजस्थान का सफर हुआ और भी आसान, 26 अक्टूबर से दौड़ेगी संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस

झारखंड से राजस्थान का सफर हुआ और भी आसान, 26 अक्टूबर से दौड़ेगी संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस

HighLights

  1. संतरागाछी-खातीपुरा साप्ताहिक ट्रेन 26 अक्टूबर से चलेगी।

  2. पलामू-गढ़वा के यात्रियों को राजस्थान जाने में सुविधा।

  3. सांसद विष्णु दयाल राम के प्रयासों का परिणाम है।

संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू प्रमंडल के रेल यात्रियों को राजस्थान जाने के लिए एक और विकल्प मिलेगा। संतरागाछी से खातीपुरा (जयपुर) के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन (18061/18062) का परिचालन 26 अक्टूबर से शुरू होगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ऑनलाइन इसका शुभारंभ करेंगे।

सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि यह उनके निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने लोकसभा में नियम 377 और शून्यकाल के दौरान कई बार इस ट्रेन की मांग उठाई थी।

साथ ही रेल मंत्रालय को लिखित मांग सौंपने के अलावा रेल मंत्री से व्यक्तिगत मुलाकात कर पलामू-गढ़वा के लोगों की अपेक्षाओं से अवगत कराया था।

नई ट्रेन से पलामू और गढ़वा के लोगों को जयपुर समेत राजस्थान के अन्य क्षेत्रों में आने-जाने में सहूलियत होगी। खासकर शिक्षा, रोजगार, कारोबार और इलाज के लिए यात्रा करने वालों को लाभ मिलेगा।

सांसद ने कहा कि इससे क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था मजबूत होने के साथ व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति पलामू की जनता की ओर से आभार जताया।

रांची-अजमेर स्पेशल के बाद संतरागाछी-खातीपुरा ट्रेन की मिलेगी सुविधा

डाल्टनगंज से राजस्थान जाने वाले यात्रियों के लिए रांची-अजमेर/मादर स्पेशल पहले से एक विकल्प है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस ट्रेन का परिचालन रविवार को होता है और डाल्टनगंज से इसके प्रस्थान का समय दोपहर 2:57 बजे है।

इस ट्रेन से अजमेर और राजस्थान के अन्य क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलती है। अब संतरागाछी-खातीपुरा साप्ताहिक ट्रेन शुरू होने से यात्रियों के पास एक और विकल्प होगा।

दोनों ट्रेनों के गंतव्य और समय-सारणी अलग होने के कारण यात्री अपनी जरूरत के अनुसार यात्रा की योजना बना सकेंगे। नौकरी, कारोबार, शिक्षा और पारिवारिक कार्यों से राजस्थान जाने वाले लोगों को इससे लाभ मिलने की उम्मीद है।

डाल्टनगंज समेत 29 स्टेशनों पर ठहराव

संतरागाछी से खातीपुरा के बीच चलने वाली नई साप्ताहिक ट्रेन को संतरागाछी के बाद 29 स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है।

इनमें खड़गपुर, टाटानगर, चांडिल, पुरुलिया, मुरी, रांची, लोहरदगा, टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डाल्टनगंज, गढ़वा, जपला, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, मिर्जापुर, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर, टूंडला, ईदगाह, आगरा, खरेली, मदनवार, महुआ रोड, बांदीकुई और दौसा स्टेशन शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- यूपी-बिहार वालों को खुशखबरी! दिल्ली से पटना के बीच एक और वंदे भारत एक्सप्रेस का एलान, इन स्टेशनों पर ठहराव

यह भी पढ़ें- 'स्पेशल' के नाम पर दोगुना तक किराया, सवारी ट्रेन से भी खराब हाल; यात्री हो रहे परेशान