रांची की क्रिकेटर पलक का भारतीय टीम में सिलेक्शन, इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में दिखाएंगी दमखम
ओरमांझी की क्रिकेटर कुमारी पलक का चयन इंग्लैंड दौरे पर जाने वाली भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में हुआ है।

3 इंगलैंड दौरे में चयन भारतीय टीम की महिला क्रिकेटर कुमारी पलक। (सौजन्य कोच)
HighLights
कुमारी पलक का भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में चयन।
26 नवंबर से इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
ट्राई-सीरीज के फाइनल में 39 रन की नाबाद पारी खेली।
संवाद सूत्र, ओरमांझी। बुटी क्रिकेट क्लब की क्रिकेटर कुमारी पलक ने अपनी प्रतिभा व शानदार प्रदर्शन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन इंग्लैंड दौरे पर जाने वाली भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में हुआ है।
पलक 26 नवंबर से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली क्रिकेट श्रृंखला में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनके चयन से क्लब सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
पहले भी खेल चुकी हैं मुकाबले
पलक ने हाल ही में इंडिया ए, इंडिया बी व नेपाल के बीच आयोजित ट्राई-सीरीज में अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा। 22 नवंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में इंडिया बी की ओर से बल्लेबाजी करते हुए महज 25 गेंदों पर नाबाद 39 रन की शानदार पारी खेली।
उसकी इस शानदार बल्लेबाजी की बदौलत इंडिया बी ने फाइनल जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की। लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर पलक ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है।
बुटी क्रिकेट क्लब के कोच पंचीत कुमार ने इसकी जानाकरी देते हुए पलक की उपलब्धी पर खुषी जताया, कहा पलक का चयन उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासन व निरंतर बेहतर प्रदर्शन का परिणाम है।
विश्वास जताया कि पलक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगी। उनके प्रदर्शन को देखते हुए 2027 महिला अंडर-19 विष्व कप की भारतीय टीम में चयन की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।
पलक की उपलब्धि पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू, पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, आजसू जिला अध्यक्ष संजय कुमार, पूर्व प्रमुख जयगोविंद उर्फ लालू साहू, मुखिया जुगुन मुंडा, हितेंद्र सिंह व शंकर महतो सहित कई लोगों ने बधाई दी।
झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के अध्यक्ष अजय नाथ सहदेव व सचिव सौरव तिवारी ने भी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बेटी की सफलता व भारतीय टीम में चयन से मां संगीता भगत भी बेहद खुश हैं।
यह भी पढ़ें- स्पोर्ट्स क्लब के रूप में विकसित होगा रांची का मोरहाबादी स्टेडियम, ढाई करोड़ से बनेगा मॉडर्न जिम