Jharkhand: संताल में इन दो हाई प्रोफाइल नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर, चुनावी तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे बाबूलाल
Jharkhand Politics झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने गुरुवार को संताल परगना पहुंचकर इस क्षेत्र की तीन लोकसभा सीटों पर पार्टी की चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। बाबूलाल मरांडी सबसे पहले साहिबगंज पहुंचे और पार्टी प्रत्याशी ताला मरांडी के लोकसभा कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके उन्होंने दुमका लोकसभा क्षेत्र में आने वाले सारठ में एक जनसभा को संबोधित किया।
राज्य ब्यूरो, रांची। संताल परगना की तीन सीट गोड्डा, साहिबगंज और दुमका में सबसे अंतिम चरण में मतदान होना है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश नेतृत्व यहां की चुनावी तैयारियों में भी कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता है।
गुरुवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी साहिबगंज पहुंचे और पार्टी प्रत्याशी ताला मरांडी के लोकसभा कार्यालय का उद्घाटन किया।
इसके बाद दुमका लोकसभा में आने वाले सारठ में एक जनसभा को मरांडी समेत प्रदेश के दूसरे भाजपा नेताओं ने संबोधित किया।
सारठ में ही बाबूलाल मरांडी ने देवघर जिले के भाजपा नेताओं से भी मुलाकात की और गोड्डा लोकसभा का हाल जाना।
हाल ही में देवघर एयरपोर्ट पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी प्रत्याशियों और प्रमुख नेताओं से मिलकर चुनाव से संबंधित जानकारी ली थी।
संताल में दो हाई प्रोफाइल नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर
भाजपा ने संताल परगना में गोड्डा से निशिकांत दुबे तो चौथी बार प्रत्याशी बनाया है। जबकि दुमका सीट पर झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन की बड़ी बहू और दिवगंत दुर्गा सोरेन की पत्नी सीता सोरेन प्रत्याशी हैं। दोनों ही हाइ प्रोफाइल प्रत्याशियों की जीत में भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है।
सारठ की सभा में संताल समाज के मतदाताओं की उपस्थिति से भाजपा का मनोबल बढ़ा है। साहिबगंज की सीट पर भाजपा ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी को उतारा है। भाजपा को उम्मीद है कि इसबार यह सीट झामुमो से निकल कर उसके खाते में आएगी।
बाबूलाल मरांडी की कर्मभूमि रही है संताल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी का संताल परगना से पुराना संबंध रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के तौर पर सबसे पहले उन्हें दुमका का कार्यक्षेत्र ही दिया गया था।
बाबूलाल मरांडी ने भाजपा में आने के बाद लोकसभा का पहला चुनाव भी दुमका से जीता था। इस वजह से संताल परगना के कार्यकर्ताओं और लोगों के साथ उनका पुराना संबंध रहा है। अब भाजपा को उम्मीद है कि बाबूलाल मरांडी भाजपा की तीनों सीटों पर जीत दिलाने में सहायक होंगे।
यह भी पढ़ें: Jharkhand Politics : चमरा लिंडा के एक्शन से JMM में खलबली, पार्टी ने दे दी चेतावनी- नामांकन वापस लो नहीं तो...