होटवार जेल में कैदी से दरिंदगी मामले में NHRC का कड़ा रुख, झारखंड के मुख्य सचिव और DGP से मांगा जवाब
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने रांची के होटवार जेल में एक विचाराधीन बंदी के साथ सामूहिक दुष्कर्म और अमानवीय व्यवहार का संज्ञान लिया है।

एआई के माध्यम से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
होटवार जेल में विचाराधीन बंदी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने मामले का संज्ञान लिया।
जेल अधिकारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल।
राज्य ब्यूरो, रांची। रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में एक विचाराधीन बंदी के साथ सामूहिक दुष्कर्म और अमानवीय व्यवहार की शिकायत पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लिया है।
आयोग ने मुख्य सचिव अविनाश कुमार और पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर जांच कर कार्रवाई रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
रांची के चाइल्ड राइट्स फाउंडेशन रांची के सचिव बैद्यनाथ कुमार ने 13 नवंबर 2026 को आयोग में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी।
आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो की अध्यक्षता वाली पीठ ने 20 नवंबर को सुनवाई करते हुए इसे मानवाधिकार उल्लंघन का गंभीर मामला माना। फिर कार्रवाई शुरू की।
शिकायत के अनुसार जेल में एक युवा विचाराधीन कैदी के साथ कुछ अन्य बंदियों और आपराधिक तत्वों ने मिलकर बेहद शर्मनाक हरकतें की।
पीड़ित युवक को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ बार-बार सामूहिक दुष्कर्म और शारीरिक प्रताड़ना की गई। इससे उसे गंभीर चोटें आईं। रक्तस्राव भी हुआ।
धार्मिक त्योहारों पर सजने को मजबूर किया गया
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी बंदी पीड़ित को जबरन महिलाओं के कपड़े पहनाते थे। महाशिवरात्रि, रामनवमी और सरहुल जैसे त्योहारों के मौके पर उसे हिंदू देवी-देवताओं के रूप में सजने के लिए मजबूर कर प्रताड़ित किया जाता था।
जेल अधिकारियों की भूमिका संदेह के घेरे में
जेल अधिकारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। आरोप है कि जब पीड़ित ने अपने साथ हो रही दरिंदगी की शिकायत जेल अधीक्षक, वार्ड प्रभारी और चिकित्सा पदाधिकारी से की, तो उन्होंने मदद करने के बजाय कथित तौर पर उसकी शिकायत को फाड़ दिया।
पीड़ित के साथ गाली-गलौज की गई और उसे कोई इलाज भी नहीं दिया गया। अदालत द्वारा 12 जून 2026 को बरी किए जाने के बाद जब उसकी रिहाई हुई, तब भी उसका सही तरीके से मेडिकल चेकअप नहीं कराया गया।