रांची जेल में कैदी के साथ हैवानियतः 3 बार अप्राकृतिक यौन उत्पीड़न का आरोप, जेल अधीक्षक समेत 19 पर FIR
रांची के होटवार जेल में एक विचाराधीन बंदी के साथ नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक दुष्कर्म और अप्राकृतिक यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
होटवार जेल में बंदी से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप।
नशीला पदार्थ पिलाकर तीन त्योहारों की रात घटना।
जेल अधीक्षक सहित 19 पर प्राथमिकी दर्ज।
जागरण संवाददाता, रांची। बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में बंद एक विचाराधीन बंदी के साथ नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक दुष्कर्म और अप्राकृतिक यौन उत्पीड़न किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है।
इस संबंध में पीड़ित के पिता ने खेलगांव थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत में जेल के भीतर बंद कई कैदियों के साथ साथ जेल प्रशासन के अधिकारियों और चिकित्सा अधिकारी पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
मामले की पूरी जांच की जिम्मेदारी सिटी एसपी को सौंपी गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, पीड़ित को एक मामले में 12 जून को रांची की अदालत से बरी होने के बाद रिहा किया गया।
घर लौटने के बाद उसने जेल के भीतर अपने साथ हुई कथित यौन हिंसा की घटनाओं की जानकारी परिवार को दी। इसके बाद पिता ने खेलगांव थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
तीन अलग-अलग त्योहारों की रात घटना का आरोप
शिकायत में तीन घटनाओं का जिक्र किया गया है। पहली घटना महाशिवरात्रि की रात की बताई गई है। आरोप है कि जेल में बंद कुछ कैदियों ने पीड़ित को जबरन साड़ी पहनाई और पार्वती का रूप देने के बाद कोई नशीला तरल पदार्थ पिला दिया।
इसके बाद उसे बेहोशी की हालत में वार्ड संख्या 3ए में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म और अप्राकृतिक यौन उत्पीड़न किया गया। शिकायत में घटना के दौरान पीड़ित के खून से लथपथ होने की बात भी कही गई है।
दूसरी घटना रामनवमी की रात की बताई गई है। आरोप है कि उसी समूह ने पीड़ित को दोबारा जबरन महिला के कपड़े पहनाए और नशीला पदार्थ देकर वार्ड संख्या 3 ए के ग्राउंड हाल में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
तीसरी घटना सरहुल पूजा के दिन की बताई गई है। शिकायत के मुताबिक, इस दौरान भी आरोपितों ने पीडित को जबरन खींचकर वार्ड संख्या 5 में ले जाकर उसके साथ सामूहिक यौन हिंसा की। हालांकि, शिकायत में तीनों घटनाओं की सटीक तारीख का उल्लेख नहीं किया गया है।
जेल प्रशासन पर शिकायत दबाने और इलाज नहीं करने का आरोप
पीड़ित के पिता ने जेल प्रशासन के अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, पीड़ित ने अपने साथ हुई घटनाओं की जानकारी लिखित आवेदन के माध्यम से वार्ड प्रभारी को दी थी। आरोप है कि वार्ड प्रभारी ने आवेदन फाड़ दिया और पीड़ित के साथ दुर्व्यवहार किया।
इसके अलावा, निजी अंगों से रक्तस्राव होने पर जब पीड़ित जेल अस्पताल पहुंचा तो चिकित्सा अधिकारी ने कथित तौर पर उसकी जांच करने और इलाज करने से इनकार कर दिया। शिकायत में जेल अधीक्षक, वार्ड प्रभारी और जेल अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी की भूमिका की भी जांच करने की मांग की गई है।
16 बंदियों समेत जेल अधीक्षक और अन्य पर प्राथमिकी दर्ज
शिकायत में वार्ड संख्या 14 और 15 के कई बंदियों सहित कुल 16 लोगों के नाम अथवा पहचान का उल्लेख किया गया है। इनमें पिंटू, अरविंद गुप्ता, साहिल अंसारी, साहिल साह, रबीसर लोहरा, पवन, मंटू, धनेश्वर बधाई, कटिल शिव ओरांव, बल्लू, रेहान गोलू, गोलू साओ, पोगो, संतोष उरांव और वार्ड प्रभारी और अन्य का जिक्र है।
एक पुलिसकर्मी सिंह पर भी आरोप लगाया गया है। इसके अतिरिक्त जेल अधीक्षक और चिकित्सा अधिकारी पर भी प्राथमिकी दर्ज हुई है। सभी की भूमिका की जांच की मांग की गई है। पुलिस ने शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अब सिटी एसपी की निगरानी में पूरे मामले की जांच होगी। इसमें कथित घटनाओं की तारीख, जेल के संबंधित वार्डों में बंद बंदियों की पहचान, जेल के रिकार्ड, शिकायत पत्र और चिकित्सा संबंधी दस्तावेजों की पड़ताल अहम होगी। फिलहाल सभी आरोप जांच के अधीन हैं। आरोपों की पुष्टि जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।