अब जगन्नाथ धाम से गयाजी जाना होगा आसान, भुवनेश्वर से वाया कोडरमा नई पहल: दो ट्रेनें जल्द शुरू होंगी
पूर्व मध्य रेलवे गया और भुवनेश्वर/सांतरागाछी के बीच दो नई एक्सप्रेस ट्रेनें जल्द शुरू करेगा, जिससे जगन्नाथ धाम और गयाजी ...और पढ़ें

गया-भुवनेश्वर और सांतरागाछी के लिए दो नई एक्सप्रेस ट्रेनें जल्द।
HighLights
गया-भुवनेश्वर और गया-सांतरागाछी के लिए दो नई एक्सप्रेस ट्रेनें।
पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय स्तर पर तैयारी, बोर्ड की मंजूरी का इंतजार।
कोडरमा रूट से झारखंड, बिहार, ओडिशा को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी।
जागरण संवादता, रांची। गयाजी और भुवनेश्वर (ओडिशा) के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में पूर्व मध्य रेलवे महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। गया जंक्शन से भुवनेश्वर और सांतरागाछी (कोलकाता क्षेत्र) के लिए दो नई एक्सप्रेस ट्रेनें जल्द शुरू की जाएंगी। इनकी तैयारी पूर्व मध्य रेल मुख्यालय स्तर पर चल रही है। रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिलते ही दोनों ट्रेनें पटरी पर उतरेंगी।
यह पहल जगन्नाथ धाम (पुरी-भुवनेश्वर) को गया जी (विष्णुपद मंदिर और बोधगया) से बेहतर तरीके से जोड़ने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास है। पहले से ही गया-भुवनेश्वर/पुरी रूट पर नीलांचल एक्सप्रेस (12876), पुरुषोत्तम एक्सप्रेस (12802), नंदनकानन एक्सप्रेस (12816) और कुछ राजधानी ट्रेनें चल रही हैं।
लेकिन यात्री दबाव अधिक होने के कारण नई ट्रेनों की जरूरत महसूस की जा रही थी। नई सेवाएं इस दबाव को कम करने और झारखंड-बिहार के कई क्षेत्रों को सीधा कनेक्टिविटी देने में मदद करेंगी।
कोडरमा रूट से बेहतर कनेक्टिविटी
गया-भुवनेश्वर ट्रेन कोडरमा, हजारीबाग रोड, पारसनाथ, गोमो और खानूडीह होकर चलेगी। इससे बाघमारा क्षेत्र सहित झारखंड के कई हिस्सों को गया और ओडिशा के बीच बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
गया-सांतरागाछी ट्रेन कोडरमा, धनवार, न्यू गिरिडीह, महेशमुंडा, मधुपुर और आसनसोल के रास्ते चलेगी। यह कोडरमा-गिरिडीह क्षेत्र के यात्रियों के लिए विशेष रूप से सुविधाजनक होगी।
ये नई ट्रेनें बिहार, झारखंड और ओडिशा के बीच रेल संपर्क को और मजबूत करेंगी। यात्री अब भुवनेश्वर से गया अधिक आसानी और सुविधा से जा सकेंगे। रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद आधिकारिक समय सारिणी और बुकिंग की जानकारी जारी की जाएगी।
प्रस्तावित ट्रेनें और दिन
गया-भुवनेश्वर एक्सप्रेस: सप्ताह में चार दिन (मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार और शनिवार)।
गया-सांतरागाछी एक्सप्रेस: सप्ताह में तीन दिन (सोमवार, गुरुवार और शनिवार)।
संभावित टाइम टेबल
गया से भुवनेश्वर:
गया से दोपहर 2:30 बजे प्रस्थान → शाम 5:15 बजे गोमो → अगले दिन सुबह भुवनेश्वर पहुंच।
भुवनेश्वर से गया:
भुवनेश्वर से रात में प्रस्थान (बुधवार, गुरुवार, शनिवार, रविवार) → सुबह 8:05 बजे गोमो → 11:45 बजे गया पहुंच।
गया से सांतरागाछी:
गया से शाम 7:20 बजे प्रस्थान (सोमवार, गुरुवार, शनिवार) → अगले दिन सुबह 5:45 बजे सांतरागाछी।
सांतरागाछी से गया:
सांतरागाछी से सुबह 8:00 बजे प्रस्थान (मंगलवार, शुक्रवार, रविवार) → शाम 7:50 बजे गया।