विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची के बकायेदारों की अब खैर नहीं! चेतावनी के बाद भी टैक्स नहीं देने वालों पर सख्त कार्रवाई करेगा नगर निगम

Published: Sat, 28 Nov 2026 07:40 AM (IST)

रांची नगर निगम अब बकाया टैक्स जमा न करने वाले बकायेदारों पर सख्त कार्रवाई करेगा। महापौर रोशनी खलखो की अध्यक्षता में हुई बैठक में राजस्व बढ़ाने और वसूली में तेजी लाने का निर्णय लिया गया।

टैक्स नहीं देने वालों पर सख्त कार्रवाई करेगा नगर निगम (सौ.जागरण)

टैक्स नहीं देने वालों पर सख्त कार्रवाई करेगा नगर निगम (सौ.जागरण)

HighLights

  1. बकाया टैक्स जमा न करने वालों पर निगम की सख्त कार्रवाई।

  2. राजस्व बढ़ाने हेतु वसूली में तेजी लाने का निर्णय लिया गया।

  3. महापौर रोशनी खलखो की अध्यक्षता में आपात बैठक में फैसला।

जागरण संवाददाता, रांची। रांची नगर निगम की आमदनी बढ़ाने के लिए अब बकायेदारों पर शिकंजा कसने की तैयारी है। बार-बार नोटिस और चेतावनी के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने वालों के खिलाफ निगम सख्त कार्रवाई करेगा। 

शुक्रवार को महापौर रोशनी खलखो की अध्यक्षता में हुई निगम परिषद की आपात बैठक में राजस्व के सभी स्रोतों की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया। महापौर ने अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने और इसके लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।

आमदनी के सभी स्रोतों की समीक्षा 

बैठक में होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस, विज्ञापन शुल्क, बाजार व दुकानों का किराया, जल कर, पार्किंग शुल्क और यूजर चार्ज समेत निगम की आमदनी के सभी स्रोतों की समीक्षा की गई। 

पिछले वित्तीय वर्षों के मुकाबले चालू वित्तीय वर्ष में राजस्व संग्रहण की स्थिति का आकलन किया गया। निर्धारित लक्ष्य और वास्तविक वसूली के बीच के अंतर पर चर्चा करते हुए कम राजस्व संग्रहण के कारणों की जानकारी ली गई।

महापौर ने कहा कि निगम को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए आंतरिक राजस्व संग्रहण बढ़ाना जरूरी है। राजस्व के सभी स्रोतों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए। संबंधित शाखाएं वसूली में तेजी लाएं और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप काम करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बार-बार चेतावनी के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

लापरवाही पर अधिकारियों की भी तय होगी जवाबदेही

महापौर ने राजस्व संग्रहण में किसी भी तरह की शिथिलता और लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली में उदासीनता बरतने वाले पदाधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय होगी। 

काम में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सभी राजस्व मदों की नियमित निगरानी और वसूली की प्रगति की समीक्षा करने पर जोर दिया गया।

बैठक में उप महापौर नीरज कुमार, वार्ड पार्षद, नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त समेत निगम की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। पार्षदों ने भी राजस्व नुकसान रोकने और निगम की आमदनी बढ़ाने के लिए कई सुझाव दिए।

यह भी पढ़ें- रांची में बकाया होल्डिंग टैक्स जमा नहीं किया तो सील होंगे प्रतिष्ठान, निगम ने दिया 1 माह का समय

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।