जागरण फिल्म फेस्टिवल: प्रीमियम जगह छोड़ बीच की सीट पर बैठ गए फिल्म डायरेक्टर मधुर भंडारकर, वजह जीत लेगी आपका दिल
फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर ने रांची जाते समय विमान में एक युवती के आग्रह पर अपनी सीट बदल ली। उन्होंने ...और पढ़ें

जागरण फिल्म फेस्टिवल में शामिल हुए फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर। जागरण
HighLights
मधुर भंडारकर ने विमान में युवती के लिए सीट बदली।
उन्होंने अपनी विनम्रता और मानवीय संवेदना का परिचय दिया।
अतिरिक्त भुगतान के बावजूद सहजता से सीट छोड़ दी।
अनुज तिवारी, रांची। किसी व्यक्ति की महानता का परिचय उसके व्यवहार से मिलता है। फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर ने अपने एक छोटे से व्यवहार से शालीनता और मानवीय संवेदना की मिसाल पेश की। जागरण फिल्म फेस्टिवल में शामिल होने के लिए रांची आ रहे मधुर भंडारकर ने विमान में एक युवती के आग्रह पर अपनी सीट बदल ली।
बताया गया कि विमान यात्रा के दौरान एक युवती ने मधुर भंडारकर से अपनी सीट बदलने का आग्रह किया। युवती अपने माता-पिता के बगल में बैठना चाहती थी। उसने मधुर भंडारकर को पहचाना भी नहीं और उनसे बिना किसी औपचारिक संबोधन के अपनी सीट बदलने को कहा। युवती ने उन्हें पास की तीन सीटों में बीच वाली सीट पर बैठने का सुझाव दिया, जबकि मधुर भंडारकर ने अपनी सीट के लिए अतिरिक्त प्रीमियम राशि का भुगतान किया था।
इसके बावजूद उन्होंने युवती के आग्रह पर कोई आपत्ति नहीं जताई और सहजता से अपनी सीट उसे दे दी। और बगल की तीन सीटों के बीच वाली सीट पर बैठ गए। इसी दौरान विमान की एयर होस्टेस ने मधुर भंडारकर को पहचान लिया। उसने युवती को रोकने का प्रयास किया, लेकिन मधुर भंडारकर ने इशारे से उसे ऐसा करने से मना कर दिया।
उनका यह व्यवहार बताता है कि लोकप्रियता और प्रसिद्धि के बावजूद विनम्रता बनाए रखना कितना महत्वपूर्ण है। उन्होंने न तो अपनी पहचान का उल्लेख किया और न ही सीट के लिए अतिरिक्त भुगतान करने की बात उठाई। उनका यह छोटा-सा कदम इस बात का उदाहरण है कि दूसरों की सुविधा और खुशी का ध्यान रखने के लिए किसी बड़े मंच या विशेष अवसर की जरूरत नहीं होती।
