विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चारा घोटाला केस: HC में लालू यादव की दलील- कभी नहीं रोकी विजिलेंस जांच, ₹50 लाख के लेन-देन का सबूत नहीं 

Published: Tue, 24 Nov 2026 08:04 PM (IST)

चारा घोटाला मामले में लालू प्रसाद यादव ने झारखंड हाई कोर्ट में सीबीआई के आरोपों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी निगरानी जांच को नहीं रोका और 50 लाख रुपये के लेन-देन का कोई दस्तावेजी सबूत नहीं है।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव। फाइल फोटो

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव। फाइल फोटो

HighLights

  1. लालू यादव ने चारा घोटाला आरोपों का खंडन किया।

  2. विजिलेंस जांच रोकने के सीबीआई आरोप नकारे।

  3. 50 लाख रुपये लेन-देन का कोई सबूत नहीं।

राज्य ब्यूरो, रांची। चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की ओर से CBI के आरोप पत्र का खंडन किया गया है।

झारखंड हाई कोर्ट में दाखिल अपील पर मंगलवार को सुनवाई के दौरान लालू के अधिवक्ता ने सरकारी फाइलों की नोटिंग का हवाला देते हुए कहा कि लालू प्रसाद ने निगरानी (विजिलेंस) जांच को कभी नहीं रोका।

CBI ने लगाया था जांच रोकने का आरोप

यह मामला देवघर कोषागार से अवैध निकासी से जुड़ा है। सीबीआई ने अपनी चार्जशीट में आरोप लगाया था कि वर्ष 1994 में दुमका के तत्कालीन क्षेत्रीय निदेशक डॉ. शेष मुनि राम के विरुद्ध फर्जी आवंटन पत्रों के जरिए अवैध निकासी के मामले में निगरानी जांच शुरू हुई थी।

लोक लेखा समिति (पीएसी) के तत्कालीन अध्यक्ष जगदीश शर्मा ने 17 जून 1994 को मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस जांच को रोकने का आग्रह किया था।

CBI का दावा है कि लालू प्रसाद यादव ने आरोपितों को बचाने के लिए इस फाइल को कुल 16 महीनों तक दबाए रखा और जांच को बाधित किया।

मुख्य सचिव और निगरानी डीजी ने दी थी राय

लालू प्रसाद के अधिवक्ता ने अदालत में निगरानी विभाग की फाइल पेश करते हुए बताया कि तत्कालीन मुख्य सचिव और निगरानी के डीजी डीएन सहाय ने खुद यह राय दी थी कि जब तक पीएसी की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक निगरानी जांच को स्थगित रखा जाए।

इसके बाद भी लालू प्रसाद ने दो फरवरी 1996 को फाइल पर स्पष्ट आदेश दिया कि पीएसी से दस्तावेज की छायाप्रति लेकर एक महीने के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपी जाए।

बचाव पक्ष ने कहा कि चार्जशीट में आरके राणा को 50 लाख रुपये दिए जाने और उसका एक हिस्सा लालू प्रसाद तक पहुंचने का जो आरोप लगाया गया है, उसके समर्थन में न तो कोई दस्तावेजी सबूत है और न ही किसी गवाह का बयान है।

अधिवक्ता ने तर्क दिया कि जुलाई 1994 से मार्च 1995 के बीच फाइल मुख्यमंत्री सचिवालय में लंबित रही थी, न कि मुख्यमंत्री के पास। इसके बाद अप्रैल 1995 में नई सरकार का गठन हुआ।

अदालत को बताया गया कि सीआरपीसी की धारा 313 के तहत दर्ज बयान में भी लालू प्रसाद ने कहा था कि यदि वे इस घोटाले में शामिल होते, तो डा. शेष मुनि राम के फर्जी पत्रों को डीजी विजिलेंस को सौंपने के बजाए नष्ट कर देते। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 26 नवंबर को निर्धारित की है।

यह भी पढ़ें- विश्व मानचित्र पर चमकेगा लुगूबुरु तीर्थस्थल, सीएम हेमंत सोरेन ने कहा- जल, जंगल और जमीन की रक्षा जरूरी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।