विश्व मानचित्र पर चमकेगा लुगूबुरु तीर्थस्थल, सीएम हेमंत सोरेन ने कहा- जल, जंगल और जमीन की रक्षा जरूरी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लुगूबुरु घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ में अंतरराष्ट्रीय सरना धर्म महासम्मेलन में भाग लिया। उन्होंने लुगूबुरु तीर्थस्थल के सौंदर्यीकरण और विकास का आश्वासन दिया।

अंतरराष्ट्रीय सरना धर्म महासम्मेलन के अंतिम दिन मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
HighLights
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लुगूबुरु घांटाबाड़ी महासम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
उन्होंने लुगूबुरु तीर्थस्थल के सौंदर्यीकरण और विकास का आश्वासन दिया।
जल, जंगल, जमीन और सरना धर्म कोड की रक्षा का आह्वान किया।
संस, ललपनिया (बोकारो)। लुगूबुरु घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सरना धर्म महासम्मेलन-2026 के अंतिम दिन मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
उनके साथ गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज और वेशभूषा के साथ दोनों अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर मंच पर मंत्री चमरा लिंडा, मंत्री योगेंद्र प्रसाद, विधायक फागू बेसरा, पूर्व विधायक बबीता देवी, आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन और सचिव लोबिन मुर्मू सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
आस्था, परंपरा और अपनी जड़ों से जुड़ने का महापर्व
मुख्यमंत्री ने पावन भूमि को नमन करते हुए उपस्थित विशाल जनसमूह को जोहार किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि लुगूबुरु का यह आयोजन केवल एक सामान्य मेला या उत्सव नहीं है, बल्कि यह आदिवासी समाज की अटूट आस्था, गौरवशाली परंपरा और समृद्ध संस्कृति के प्रति समर्पण का जीवंत प्रतीक है।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं और अपने पूर्वजों को स्मरण कर अपनी जड़ों से जुड़ते हैं। उन्होंने कहा कि लुगू बाबा की छांव से पूरे समाज को निरंतर शक्ति और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
तीर्थस्थल के सौंदर्यीकरण और विकास पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस ऐतिहासिक तीर्थस्थल को विश्व मानचित्र पर विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रयासरत है।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां संग्रहालय का निर्माण, सीतानाला व ग्रीन रूम का विकास तथा कल्याण विभाग के माध्यम से एक करोड़ रुपये की लागत से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कराया गया है।
सरना धर्म कोड और जल-जंगल-जमीन की रक्षा का आह्वान
महासम्मेलन के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा के लिए प्रतिदिन निःशुल्क खिचड़ी की भी व्यवस्था की गई। दिशोम गुरु शिबू सोरेन को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी समाज ने सदैव प्रकृति की रक्षा की है।
लेकिन आधुनिक विकास की दौड़ में आज जल, जंगल और जमीन प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंड की खनिज संपदा पर सबसे पहला अधिकार यहां के मूलवासियों का है और उद्योगों के कारण होने वाला विस्थापन एक गंभीर चिंता का विषय है।
सरना धर्म कोड लागू नहीं किए जाने को लेकर उन्होंने केंद्र सरकार पर सीधा निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का संविधान आदिवासियों को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित करने की अनुमति नहीं देता।
अंत में उन्होंने समाज से आह्वान किया कि वे अपनी भाषा, संस्कृति, धर्म और जल-जंगल-जमीन को बचाने के साथ-साथ अपने बौद्धिक, आर्थिक और सामाजिक विकास पर भी विशेष ध्यान दें।