झारखंड के लाल का बड़ा कमाल, नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में बनाई जगह; सीयूजे का बढ़ाया मान
सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड के छात्र लाल रूद्र ने ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी वेटलिफ्टिंग टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय ...और पढ़ें

झारखंड के लाल का बड़ा कमाल
HighLights
लाल रूद्र राष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 के लिए चयनित हुए।
ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी वेटलिफ्टिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जगह बनाई।
सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड और राज्य का नाम रोशन किया।
जागरण संवाददाता, रांची। सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड (सीयूजे) के विद्यार्थी लाल रूद्र ने खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय देते हुए सीयूजे के साथ-साथ झारखंड को भी गौरवान्वित किया है। शिलांग में आयोजित ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी वेटलिफ्टिंग टूर्नामेंट 2026 में उनके प्रदर्शन ने यूनिवर्सिटी का ध्यान आकर्षित किया है।
इस उपलब्धि के साथ ही रूद्र ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है। लाल रूद्र का चयन वर्ष 2026 की नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता कलिंगा इंस्टीट्यूट आफ सोशल साइंसेज, भुवनेश्वर में आयोजित होगी।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उन्हें देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और संस्थानों के प्रतिभाशाली वेटलिफ्टरों के बीच अपनी ताकत, तकनीक और खेल कौशल दिखाने का अवसर मिलेगा।
वेटलिफ्टिंग जैसे चुनौतीपूर्ण खेल में सफलता के लिए शारीरिक क्षमता के साथ निरंतर अभ्यास, अनुशासन, धैर्य और दृढ़ इच्छाशक्ति की आवश्यकता होती है। लाल रूद्र ने अपनी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण से इस दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
कुलपति प्रो. सारंग मेधेकर ने दी बधाई
ईस्ट जोन स्तर की प्रतियोगिता में भागीदारी के बाद राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए उनका चयन उनके खेल सफर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। रूद्र की इस उपलब्धि पर सीयूजे के कुलपति प्रो. सारंग मेधेकर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
उन्होंने कहा, विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात हैं। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, संघर्ष करने की क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं अन्य गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता है।
सफलता से सीयूजे के विद्यार्थियों में उत्साह
कुलपति ने लाल रूद्र को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे तथा सीयूजे और झारखंड का नाम रोशन करेंगे। लाल रूद्र की इस सफलता से सीयूजे के विद्यार्थियों में उत्साह है।
उनकी उपलब्धि इस बात का उदाहरण है कि निरंतर प्रयास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के माध्यम से सीयूजे के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। अब सभी की निगाहें भुवनेश्वर में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां रूद्र एक बार फिर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।