रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड की बदलेगी तस्वीर, अतिक्रमण पर चला बुलडोजर; बस पड़ावों की होगी नंबरिंग
रांची के खादगढ़ा स्थित बिरसा मुंडा बस टर्मिनल की बदहाल व्यवस्थाओं को सुधारने की कवायद शुरू हो गई है। नगर ...और पढ़ें

रांची के खादगढ़ा बस टर्मिनल की बदलेगी तस्वीर (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
अतिक्रमण हटाकर बस टर्मिनल परिसर को व्यवस्थित किया गया।
बस पड़ावों की नंबरिंग होगी, लगेंगे दिशा-सूचक बोर्ड।
यात्री सुविधाओं, सफाई और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जागरण संवाददाता, रांची। खादगढ़ा स्थित भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल की बदहाल व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद शुरू हो गई है। परिसर में फैले अतिक्रमण, बेतरतीब बस पड़ाव, खराब स्ट्रीट लाइट और अव्यवस्थित यात्री सुविधाओं को लेकर नगर निगम सख्त हुआ है।
बुधवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने वार्ड संख्या 13 स्थित बस टर्मिनल का निरीक्षण कर अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुधारने का निर्देश दिया। साथ ही आश्रय गृह के पास स्थित जर्जर भवन को तत्काल हटाने का आदेश दिया। इसके बाद निगम की इनफोर्समेंट टीम ने उसी दिन भवन को हटाने की कार्रवाई की।
करीब 15.33 एकड़ में फैले बस टर्मिनल में नगर आयुक्त ने शौचालय, प्रतीक्षालय, आश्रय गृह, डोरमेट्री, कमरे, टिकट काउंटर, प्रवेश और निकास द्वार सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में बसों के बेतरतीब पड़ाव और अतिक्रमण के कारण यात्रियों को होने वाली परेशानी को देखते हुए परिसर को व्यवस्थित करने पर जोर दिया गया।
बस पड़ाव की होगी नंबरिंग, लगेंगे दिशा-सूचक बोर्ड
नगर आयुक्त ने सभी निर्धारित बस पड़ावों की मार्किंग और नंबरिंग कराने का निर्देश दिया। प्रत्येक पड़ाव पर सूचना पट्ट और दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को बसों की जानकारी लेने में परेशानी न हो।
बसों को निर्धारित स्थान पर ही खड़ा करना होगा। परिसर में अवैध बस धुलाई, अनधिकृत टिकट काउंटर और प्रचार गतिविधियों पर भी रोक लगाने को कहा गया है।
अवैध दुकानों और कब्जों पर होगी कार्रवाई
बस टर्मिनल की जमीन पर अस्थायी दुकानें, अवैध कब्जे और अनधिकृत निर्माण हटाए जाएंगे। इनफोर्समेंट टीम को नियमित निगरानी करने और अतिक्रमण मिलने पर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। शौचालय, आश्रय गृह और अन्य यात्री सुविधाओं तक पहुंचने वाले रास्तों को भी अतिक्रमण मुक्त रखने को कहा गया है।
खराब लाइटें होंगी दुरुस्त, खुले नाले ढके जाएंगे
परिसर की सफाई व्यवस्था सुधारने, शौचालयों का नियमित रखरखाव करने और खुले नालों को स्लैब से ढकने का निर्देश दिया गया। पेवर ब्लॉक लगाने का काम जल्द पूरा करने के साथ बाउंड्री वाल की रंगाई-पुताई और लैंडस्केपिंग से परिसर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त लाइट लगाने को भी कहा गया है।
ठंड से पहले दुरुस्त होगा आश्रय गृह
आगामी ठंड को देखते हुए आश्रय गृह को सुचारू रूप से संचालित करने और वहां जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। डोरमेट्री, कमरे और टिकट काउंटर के बेहतर संचालन तथा नियमित निगरानी पर भी जोर दिया गया।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि बस टर्मिनल की उपलब्ध जमीन और आधारभूत संरचनाओं का बेहतर उपयोग किया जाए। यह केवल बसों के ठहराव का स्थान नहीं, बल्कि प्रतिदिन आने-जाने वाले यात्रियों के लिए शहर का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा, व्यवस्थित बस पड़ाव और यात्री सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता, नगर प्रबंधक, नगर अभियान प्रबंधक, जोनल सुपरवाइजर सहित निगम के अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बोस के बंद संदूक में क्या है? 89 साल बाद झारखंड हाईकोर्ट ने खोलने का दिया निर्देश
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।