गरीबों के मसीहा हैं कड़िया मुंडा
जागरण संवाददाता, खूंटी : पद्मभूषण से सम्मानित सांसद कड़िया मुंडा को खूंटी की गरीब जनता अपन
रांची / खूंटी : पद्मभूषण से सम्मानित सांसद कड़िया मुंडा को खूंटी की गरीब जनता अपना मसीहा मानती है। लोगों के दुख-दर्द को सुनते ही वे उनके घर तक चले जाते हैं। हर तरह की मदद करने को सदैव तत्पर रहते हैं। गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए कई स्कूलों को आर्थिक मदद करते रहते हैं। यही कारण है कि नेताओं की चर्चा होने पर गरीबों की जुबान पर कड़िया मुंडा का ही नाम रहता है। आज 82 वर्ष की उम्र में भी वे अपने संसदीय क्षेत्र में नियमित रूप से भ्रमण करते हैं और गरीब, अनाथ व असहाय लोगों की सहायता को सदैव तैयार रहते हैं। ईमानदारी तो इनकी नस-नस में बसी हुई है। यही कारण है कि केंद्र में दो बार मंत्री, आठ बार सांसद व दो बार विधायक रहने के बावजूद आज तक उन पर कोई दाग नहीं लगा।
-------------
आठ बार रहे चुके हैं खूंटी संसदीय क्षेत्र से सांसद
ईमानदारी की मिसाल कड़िया मुंडा आठ बार खूंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद रह चुके हैं। इनका जन्म 20 अप्रैल 1936 में खूंटी जिले के बारूडीह पंचायत अंतर्गत अनिगड़ा चांदीडीह गांव में हुआ था। एमए तक की शिक्षा प्राप्त कड़िया मुंडा की शिक्षा-दीक्षा खूंटी और रांची में हुई थी। पहली बार 1977 में इन्हें खूंटी लोकसभा सीट से सांसद चुना गया था। खिजरी विधानसभा सीट से ये दो बार विधायक भी रह चुके हैं। कड़िया मुंडा केंद्र सरकार में कृषि आधारित उद्योग मंत्री एवं कोयला मंत्री रहे। आठ जून 2009 से 12 अगस्त 2014 तक लोकसभा के उपाध्यक्ष रहे।
--------
समाजसेवा में भी सक्रिय रहते हैं कड़िया :
राजनीति के साथ-साथ कड़िया मुंडा समाजसेवा में भी उल्लेखनीय योगदान देते हैं। अनाथ आश्रम व गरीबों की शिक्षा के लिए बहुत काम करते हैं। बंदगांव के लुंबई में एक कन्या आश्रम भी बनाया हुआ है। खूंटी के अनिगड़ा स्थित आई हॉस्पिटल के चेयरमैन भी हैं।
---------
भाजपा कार्यकर्ताओं व खूंटीवासियों में है हर्ष की लहर :
सांसद कड़िया मुंडा को पद्मभूषण से सम्मानित किए जाने की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं व खूंटीवासियों में हर्ष की लहर दौड़ गई। उनके समर्थकों ने इस खुशी के अवसर पर देर रात तक पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह सम्मान कड़िया को नहीं पूरे झारखंड को मिला है। इतने वर्षो तक विधायक, सांसद व मंत्री रहने के बावजूद कड़िया मुंडा पर कोई दाग नहीं लगना उनके व्यक्तित्व को दर्शाता है।