जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद बने झारखंड हाई कोर्ट के कार्यवाहक चीफ जस्टिस, तीसरी बार मिली बड़ी जिम्मेदारी
जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद को झारखंड हाई कोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद बने हाई कोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस। (फाइल फोटो)
HighLights
जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद झारखंड हाई कोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस नियुक्त।
28 नवंबर से संभालेंगे कार्यभार, एमएस सोनक की सेवानिवृत्ति के बाद।
यह तीसरी बार है जब उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
राज्य ब्यूरो, रांची। जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद को झारखंड हाई कोर्ट का एक्टिंग चीफ जस्टिस नियुक्ति किया गया है। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।
जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद 28 नवंबर से एक्टिंग चीफ जस्टिस के दायित्वों का निर्वहन करेंगे। इससे पहले भी जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद को दो बार झारखंड हाई कोर्ट का एक्टिंग चीफ जस्टिस नियुक्ति किया चुका है।
यह नियुक्ति झारखंड हाई कोर्ट के वर्तमान चीफ जस्टिस एमएस सोनक के 27 नवंबर को सेवानिवृत्त होने के बाद प्रभावी होगी।
जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद के बारे में जानकारी
हाई कोर्ट के सबसे वरीय जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद का न्यायिक सफर झारखंड हाई कोर्ट से शुरू हुआ था। इसके बाद उनका तबादला ओडिशा हाई कोर्ट में किया गया और वापसी के बाद उन्होंने फिर झारखंड हाई कोर्ट में न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभाला।
जस्टिस एसएन प्रसाद का जन्म 20 जून 1967 को हुआ। उन्होंने एमए और एलएलबी की पढ़ाई पूरी की है। उन्हें 26 सितंबर 2014 को झारखंड हाई कोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया।
इसके बाद उनका स्थानांतरण ओडिशा हाई कोर्ट में हुआ। ओडिशा हाई कोर्ट में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने न्यायिक अकादमी एवं प्रशिक्षण, कंप्यूटर कमेटी, ई-कमेटी, किशोर न्याय समिति और भवन निर्माण समिति सहित कई समितियों में सदस्य के रूप में जिम्मेदारी निभाई।
2018 में झारखंड हाई कोर्ट में हुआ तबादला
ओडिशा हाई कोर्ट से तबादले के बाद जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद ने 22 नवंबर 2018 को झारखंड हाई कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। इसके बाद से वह झारखंड हाई कोर्ट में न्यायिक दायित्व निभा रहे हैं।
जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद को पहली बार 20 जुलाई 2024 से 24 सितंबर 2024 तक झारखंड हाई कोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था।
इसके बाद 22 जुलाई 2025 को उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी गई। अब चीफ जस्टिस एमएस सोनक के 27 नवंबर को सेवानिवृत्त होने के बाद जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद 28 नवंबर से तीसरी बार झारखंड हाई कोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस की जिम्मेदारी संभालेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।