झारखंड में SIR पर CEO की सख्ती: 30 नवंबर तक 100% सुनवाई पूरी करने का निर्देश, 41 सीटों पर 93% काम पूरा
झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने 81 विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने 30 नवंबर तक शत-प्रतिशत सुनवाई पूरी करने का निर्देश दिया, जिसमें 41 क्षेत्रों में 93% कार्य हो चुका है।

झारखंड में SIR पर CEO की सख्ती (सौ. जागरण)
HighLights
41 विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर सुनवाई 93% पूर्ण हुई।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने 30 नवंबर तक शत-प्रतिशत कार्य का निर्देश।
होम टू रोल वेरिफिकेशन में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।
राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य के 81 विधानसभा क्षेत्रों में 41 विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर के तहत नो मैपिंग तथा तार्किक विसंगति से संबंधित मामले की सुनवाई का कार्य 93 प्रतिशत पूरा हो चुका है। 40 विधानसभा क्षेत्र ही ऐसे हैं, जहां इससे कम कार्य पूरा हुआ है।
राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने गुरुवार को इन विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर की प्रगति की समीक्षा की। इस क्रम में उन्होंने सभी अधिकारियों को 30 नवंबर तक शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कम सुनवाई प्रतिशत के कारणों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के निष्पादन में आ रही बाधाओं की पहचान करने तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया।
उन्होंने सुनवाई के कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं करने वाले विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिए। कहा कि पदाधिकारी सुनवाई की प्रक्रिया में तेजी लाने के साथ-साथ प्रत्येक मामले का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने होम टू रोल वेरीफिकेशन के कार्य में भी तेजी लाने के भी निर्देश दिया।
नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें
कहा कि जिन मामलों का निष्पादन अभी तक नहीं हो पाया है, उनमें संबंधित पदाधिकारी स्वयं व्यक्तिगत स्तर पर सर्वेक्षण एवं सत्यापन करते हुए मामलों की स्थिति की समीक्षा करें तथा शेष मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने पदाधिकारियों को सुपर चेकिंग के दौरान होम टू रोल वेरीफिकेशन करते समय एक अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु प्राप्त कर चुके सभी पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित करने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। कहा कि लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए नियमित समीक्षा करें तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के निर्धारित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।