जेपीएससी अनियमितता मामला: झारखंड हाई कोर्ट ने एल खियांग्ते की जमानत पर CID से मांगा जवाब
झारखंड हाई कोर्ट ने जेपीएससी अनियमितता मामले में पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते की जमानत याचिका पर सीआईडी से 9 दिसंबर तक जवाब मांगा है। खियांग्ते पर परीक्षा आयोजन में अनियमितता और कमीशन लेने का आरोप है।

सीआईडी कोर्ट ने खारिज कर दी है जमानत।
HighLights
हाई कोर्ट ने एल खियांग्ते की जमानत पर सीआइडी से जवाब मांगा।
सीआइडी ने खियांग्ते पर अनियमितता और कमीशन लेने का आरोप लगाया।
मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को निर्धारित की गई है।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड हाई कोर्ट में झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षाओं में कथित अनियमितता के मामले में आरोपित पूर्व मुख्य सचिव एवं जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते की जमानत याचिका पर गुरुवार को सुनवाई हुई।
सुनवाई के बाद अदालत ने मामले में सीआईडी को नौ दिसंबर तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। वहीं, याचिकाकर्ता को 14 दिसंबर तक सीआइडी के जवाब पर प्रति उत्तर दाखिल करना होगा। मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को निर्धारित की गई है।
सीआईडी कोर्ट ने खियांग्ते की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद उन्होंने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर सीआइडी कोर्ट के आदेश को चुनौती दी है। अदालत में जमानत पर सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से दलील दी गई थी कि उनके खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य नहीं है। जांच एजेंसी की ओर से की गई छापेमारी में भी उनके विरुद्ध कोई आपत्तिजनक साक्ष्य नहीं मिला है।
वहीं, सीआईडी ने खियांग्ते की भूमिका को संदिग्ध बताते हुए कहा कि परीक्षा आयोजन की जिम्मेदारी टीडीपीएल को सौंपने में उनकी अहम भूमिका थी। टीडीपीएल की ओर से आयोजित परीक्षाओं में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही थी और इसकी जानकारी तत्कालीन अध्यक्ष को भी थी।
इसके बावजूद उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। जांच में उन पर टीडीपीएल से कथित तौर पर दो करोड़ रुपये कमीशन लेने का आरोप भी लगाया गया है। जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितता को लेकर सीआइडी ने मामला दर्ज किया है।
इसी मामले की जांच के दौरान एजेंसी ने खियांग्ते को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ भी की गई थी। इसके बाद से वह जेल में बंद हैं। इस मामले में अब तक तीन दर्जन से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
इस मामले में जेपीएससी नियुक्ति घोटाले के कथित मुख्य आरोपी अभय तिवारी के स्वीकारोक्ति बयान को भी अहम माना जा रहा है। उसने सीआइडी अधिकारियों के समक्ष दिए गए बयान में जेपीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष की भूमिका का उल्लेख किया है। उसके अनुसार, टीडीपीएल को परीक्षा आयोजन की एजेंसी के रूप में चयनित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।