विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JTET Exam 2026 के लिए आवेदन शुरू, नई नियमावली के तहत फिर से भरना होगा फॉर्म; पारा शिक्षकों को मिलेगी छूट

Published: Tue, 21 Apr 2026 03:38 PM (IST)

झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने JTET 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। नई नियमावली के तहत पुराने आवेदकों को दोबारा फॉर्म भरना होगा।

JTET Exam 2026। फाइल फोटो

JTET Exam 2026। फाइल फोटो

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की ओर से झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET Exam 2026) के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है।

इच्छुक अभ्यर्थी परिषद की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। परिषद ने स्पष्ट किया है कि पहले जारी विज्ञप्ति संख्या 30/2024 के तहत जिन अभ्यर्थियों ने फीस के साथ आवेदन किया था, उन्हें नई नियमावली के अनुसार दोबारा आवेदन भरना अनिवार्य होगा।

ऐसे अभ्यर्थियों को इस बार भाषा-द्वितीय का चयन नए सिरे से करना होगा और पोर्टल पर सभी आवश्यक जानकारियां अपडेट करनी होंगी। हालांकि, उन्हें दोबारा कोई शुल्क नहीं देना पड़ेगा।

21 साल की उम्र सीमा, पारा शिक्षकों को छूट

आयु सीमा के अनुसार, अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु परीक्षा वर्ष के एक अगस्त तक 21 वर्ष होनी चाहिए। अधिकतम आयु सीमा राज्य सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप होगी।

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के अंतर्गत कार्यरत सहायक अध्यापक (पारा शिक्षक), जिनकी सेवा कम से कम दो वर्ष की निरंतर हो और वे विज्ञापन तिथि तक कार्यरत हों, उन्हें अपनी संविदा सेवा अवधि के बराबर अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी। ऐसे अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 50 वर्ष निर्धारित की गई है।

अन्य अभ्यर्थियों को पिछली और आगामी पात्रता परीक्षा के बीच के अंतराल के आधार पर एक बार की छूट (वन टाइम रिलैक्सेशन) दी जाएगी। उदाहरण के तौर पर, यदि परीक्षा 2010 और 2020 में आयोजित हुई हो, तो नौ वर्ष की आयु छूट मिल सकती है।

इस बार एक महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए रांची और पूर्वी सिंहभूम जिले के अभ्यर्थियों के लिए जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा में भूमिज को शामिल किया गया है। यह पहली बार है जब इस भाषा को जेटेट में स्थान दिया गया है।

दो स्तर पर परीक्षा आयोजित होगी

परीक्षा दो स्तरों प्राथमिक (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक (कक्षा 6 से 8) में आयोजित होगी। अभ्यर्थी चाहें तो दोनों स्तरों की परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। प्रत्येक स्तर के लिए 2 घंटे 30 मिनट की अवधि का एक समेकित प्रश्न पत्र होगा। दृष्टिबाधित दिव्यांग अभ्यर्थियों को 30 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

परिषद ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आवेदन से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों और अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित नजर बनाए रखें और नई नियमावली के अनुसार ही आवेदन करें।

यह भी पढ़ें- JEE Main: कोल्हान का टॉपर बनेगा कंप्यूटर इंजीनियर, रोज 4 घंटे की पढ़ाई के दम पर हासिल की 620वीं रैंक

यह भी पढ़ें- झारखंड सरकार का बड़ा फैसला, 20 लाख रुपये तक का टेंडर स्वयं कर सकेगा नेतरहाट स्कूल प्रबंधन