विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JEE Main: कोल्हान का टॉपर बनेगा कंप्यूटर इंजीनियर, रोज 4 घंटे की पढ़ाई के दम पर हासिल की 620वीं रैंक

Published: Tue, 21 Apr 2026 03:17 PM (GMT+05:30)

जमशेदपुर के मुकुल महतो ने जेईई मेन में अखिल भारतीय स्तर पर 620वीं रैंक हासिल कर कोल्हान टॉपर का खिताब ...और पढ़ें

परिवार के साथ मुकुल। फोटो जागरण

परिवार के साथ मुकुल। फोटो जागरण

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। जमशेदपुर के मानगो स्थित शंकोसाई रोड नंबर पांच के निवासी मुकुल महतो ने जेईई मेन के फाइनल परीक्षा परिणाम में शानदार प्रदर्शन करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर 620वीं रैंक हासिल की है।

वे कोल्हान टॉपर बने हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा जारी परिणाम के अनुसार मुकुल को गणित में 99.85, भौतिकी में 99.93 और रसायन विज्ञान में 99.98 परसेंटाइल अंक प्राप्त हुए हैं।

मुकुल की प्रारंभिक शिक्षा टैगोर एकेडमी, साकची से हुई, जहां उन्होंने 10वीं तक पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने 12वीं की पढ़ाई चिन्मया विद्यालय, टेल्को से पूरी की।

उनके पिता हिमांशु शेखर महतो चांडिल प्रखंड के अपग्रेडेड मिडिल स्कूल बंधुगोड़ा में शिक्षक हैं, जबकि उनकी मां रीता सिन्हा एसएस प्लस टू हाईस्कूल, राजनगर में शिक्षिका हैं।

शिक्षा का माहौल मिलने से मुकुल को शुरू से ही पढ़ाई के प्रति प्रेरणा मिली। अब मुकुल का लक्ष्य JEE एडवांस की परीक्षा में सफल होकर देश के शीर्ष पांच IIT में प्रवेश लेना है।

वे कंप्यूटर साइंस शाखा में दाखिला लेकर आगे की पढ़ाई करना चाहते हैं और एक सफल कंप्यूटर इंजीनियर बनने का सपना देखते हैं। पढ़ाई के अलावा उन्हें चित्रांकन का भी शौक है, जिसे वे अपने खाली समय में करते हैं।

नियमित व अनुशासित पढ़ाई से मिली सफलता

मुकुल की सफलता के पीछे उनकी नियमित और अनुशासित पढ़ाई का बड़ा योगदान है। उन्होंने साकची स्थित नारायणा कोचिंग संस्थान से मार्गदर्शन लिया। कोचिंग के अलावा वे रोजाना घर पर लगभग चार घंटे स्वाध्याय करते थे।

वे नियमित रूप से कक्षाओं में भाग लेते और घर आकर रोजाना पढ़े गए विषयों का पुनरावृत्ति करते थे। प्रत्येक अध्याय पूरा होने के बाद वे पिछले वर्षों के प्रश्नों (पीवाईक्यू) का अभ्यास जरूर करते थे, जिससे उनकी तैयारी मजबूत हुई।

यह भी पढ़ें- झारखंड सरकार का बड़ा फैसला, 20 लाख रुपये तक का टेंडर स्वयं कर सकेगा नेतरहाट स्कूल प्रबंधन

यह भी पढ़ें- दिव्यांग रेल यात्रियों को राहत, अब यूडीआइडी पर कोच में कर सकेंगे सफर