JSSC Update: झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता परीक्षा अब 19 जुलाई को होगी, 89 हजार आवेदन रद
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 की तिथि 5 जुलाई से बदलकर 19 जुलाई कर दी है। ...और पढ़ें

पांच जुलाई को होनेवाली क्षेत्रीय कार्यकर्ता नियुक्ति परीक्षा अब 19 को होगी।
HighLights
परीक्षा 5 जुलाई से 19 जुलाई तक स्थगित हुई।
जेएसएससी ने अपरिहार्य कारणों से परीक्षा तिथि बदली।
परीक्षा के 89,356 अपूर्ण आवेदन रद्द किए गए।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 अब पांच जुलाई की जगह 19 जुलाई को आयोजित होगी। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने अपरिहार्य कारण बताते हुए सोमवार को परीक्षा की तिथि में संशोधन की सूचना प्रकाशित कर दी।
आयोग के अनुसार, परीक्षा से संबंधित प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के लिए लिंक परीक्षा की तिथि से एक सप्ताह पूर्व से आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा। अभ्यर्थी उक्त लिंक के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड करना सुनिश्चत करेंगे।
प्रवेश पत्र डाक अथवा किसी भी अन्य माध्यम से उपलब्ध नही कराया जाएगा। आयोग ने अभ्यर्थियों को सुझाव दिया है कि परीक्षा से संबंधित सुचिता को बरकरार रखेंगे तथा किसी प्रकार के कदाचार संबंधी प्रयास में शामिल नहीं होंगे।
अन्यथा दोषी पाए जाने पर झारखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम व निवारण के उपाय) अधिनियम, 2023 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्रीय कार्यकर्ता नियुक्ति परीक्षा के 89,356 अपूर्ण आवेदन रद
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा के वैसे 89,356 आवेदन रद कर दिए हैं, जो अपूर्ण थे। आयोग ने सोमवार को ऐसे पंजीयन संख्या की सूची प्रकाशित कर दी। बताते चलें कि इस परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए अभ्यर्थियों से एक अगस्त 2024 से आठ सितंबर 2024 की मध्य रात्रि तक आवेदन प्राप्त किए गए थे।
