होने वाले दामाद को दहेज में पास कराई JSSC की सीजीएल परीक्षा, ICN एजेंसी संचालक मिथिलेश सिंह अब तक फरार
जेएसएससी सीजीएल परीक्षा 2023 में मास्टरमाइंड मिथिलेश सिंह ने अपने होने वाले दामाद आनंद कुमार सिंह को दहेज में परीक्षा ...और पढ़ें

परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी आइसीएन का संचालक है मिथिलेश सिंह।
HighLights
मिथिलेश सिंह ने दामाद को दहेज में परीक्षा पास कराई।
बोकारो के दुग्धा में प्रश्न-उत्तर रटवाए गए थे।
आनंद कुमार सिंह 28 अगस्त को गिरफ्तार हुआ।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) प्रतियोगिता परीक्षा 2023 में परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी आईसीएन के संचालक मिथिलेश सिंह का एक और कारनामा सामने आया है। उसने अपने होने वाले दामाद आनंद कुमार सिंह को दहेज में सीजीएल परीक्षा पास करवाने का जिम्मा लिया था।
उसने आनंद कुमार सिंह को बोकारो के दुग्धा में प्रश्न व उत्तर रटवाया और उसे परीक्षा पास भी करवाया। जांच के क्रम में सीआईडी ने सफल अभ्यर्थी आनंद कुमार सिंह को 28 अगस्त को गिरफ्तार कर रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में भेजा था। आनंद के साथ तीन अन्य सफल अभ्यर्थी भी गिरफ्तार किए गए थे।
आनंद मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के कोपा थाना क्षेत्र के चतरा गांव का रहने वाला है। वह वर्तमान में धनबाद के सुदामडीह थाना क्षेत्र में सुदामडीह रिवरसाइड मार्केट में रहता था। सीआइडी ने कोर्ट को बताया है कि परीक्षा से एक दिन पहले आनंद के मोबाइल का लोकेशन भी बोकारो के दुग्धा में था, जहां प्रश्न व उत्तर रटवाए गए थे।
आनंद के काल डिटेल्स से यह स्पष्ट हुआ है कि उसके अपने सगे चाचा अवधेश सिंह मास्टरमाइंड मिथिलेश सिंह के संपर्क में थे। सभी संगठित गिरोह के रूप में काम कर रहे थे। उपलब्ध सबूतों के आधार पर कोर्ट ने आनंद की जमानत याचिका खारिज कर दी है।
सीआईडी ने बोकारो के दुग्धा स्थित बीसीसीएल के उक्त क्वार्टर की जानकारी भी दी है, जहां प्रश्न व उत्तर रटवाए गए थे। उक्त क्वार्टर एक अभ्यर्थी उमेश राय, उसके पिता सुरेश राय की है। दोनों पिता पुत्र भी जेल जा चुके हैं।
मिथिलेश पांडेय की पत्नी पूजिता ने भी रटे थे प्रश्न व उत्तर
परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी आईसीएन के संचालक मिथिलेश सिंह के करीबी एजेंट मिथिलेश पांडेय ने अपनी पत्नी पूजिता पांडेय की भी सेटिंग कराई थी और उसे बोकारो के दुग्धा केंद्र पर जेएसएससी सीजीएल का प्रश्न पत्र रटवाया था। हालांकि, पूजिता पांडेय उक्त परीक्षा में बैठी थी, लेकिन सफल नहीं हो सकी थी।
