JSSC: सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा के गणित और विज्ञान का संशोधित परिणाम जारी, 1769 सफल
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा के तहत गणित एवं विज्ञान विषय ...और पढ़ें

सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा के गणित और विज्ञान का संशोधित परिणाम जारी, 1769 सफल
HighLights
JSSC ने सहायक आचार्य गणित-विज्ञान का संशोधित परिणाम जारी किया।
कुल 1,769 अभ्यर्थी सफल घोषित, यह दूसरा संशोधित परिणाम है।
कुछ पूर्व चयनितों के परिणाम रद्द, अब अन्य विषयों के आएंगे।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर शुक्रवार को सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा के तहत कक्षा छह से आठ के स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य के लिए गणित एवं विज्ञान विषय का भी संशोधित परिणाम जारी कर दिया।
यह दूसरी बार संशोधित परिणाम जारी किया गया है। इसमें कुल 1,769 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। इससे पहले आयोग ने स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य के लिए भाषा विषय का परिणाम जारी किया था।
आयोग द्वारा जारी परिणाम में कहा गया है कि इससे पहले चार सूचनाओं के माध्यम से जारी परिणाम में उत्तीर्ण वैसे अभ्यर्थी जिनके नाम संशोधित परिणाम में नहीं है, उनमें तीन के परिणाम विज्ञापन में अस्पष्टता के कारण लंबित रखे गए हैं।
वहीं, परीक्षा परिणाम जारी होने की तिथि को 60 वर्ष पूरे कर चुके या रिक्ति पूर्ण होने के कारण 138 अभ्यर्थियों के परिणाम रद कर दिए गए हैं। इन सभी अभ्यर्थियों का चयन पूर्व में जारी परिणाम में हुआ था तथा इनकी नियुक्ति भी हो चुकी थी।
इधर, आयोग ने भाषा विषय में संशोधित सूचना प्रकाशित की। इसके अनुसार, विज्ञापन में अस्पष्टता के कारण भाषा विषय में 67 अभ्यर्थियों का परिणाम लंबित रखा गया है। वहीं, छह अभ्यर्थियों के परिणाम रद किए गए हैं।
बताते चलें कि संशोधित परिणाम जारी किए जाने से कई अभ्यर्थियों का पदस्थापन जिला तथा श्रेणी बदल जाएगा।
आयोग अब स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य के सामाजिक विज्ञान तथा इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य का परिणाम जारी करेगा। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के तहत चार दिसंबर तक पूरा परिणाम जारी किया जाना है।
यह भी पढ़ें- JSSC CGL के चयनित अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, झारखंड हाईकोर्ट ने परीक्षा रद करने का सरकार का फैसला किया निरस्त
यह भी पढ़ें- सहायक आचार्य भर्ती के भाषा विषय का संशोधित परिणाम जारी, करीब 200 को पहली बार मिलेगी नौकरी; जल्द मिलेगा नियुक्ति पत्र