विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JPSC घोटाला मामले पर JMM का जवाब, कहा- छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले चेहरे होंगे बेनकाब

Published: Sun, 02 Aug 2026 11:12 PM (IST)

झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि हेमंत सरकार जेपीएससी गड़बड़ी के दोषियों को जल्द बेनकाब करेगी और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जेएमएम प्रवक्ता विनोद पांडेय। फाइल फोटो

जेएमएम प्रवक्ता विनोद पांडेय। फाइल फोटो

HighLights

  1. हेमंत सरकार जेपीएससी गड़बड़ी के दोषियों को जल्द बेनकाब करेगी।

  2. छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई।

  3. झामुमो ने भाजपा के शासनकाल में भी जेपीएससी विवादों को उठाया।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि भाजपा को हेमंत सरकार पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन किसी भी वर्ग के साथ अन्याय नहीं होने देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध और वचनबद्ध हैं।

राज्य के युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और प्रत्येक छात्र को हर हाल में न्याय मिलेगा।जेपीएससी के बहाने सरकार के विरुद्ध साजिश रचने तथा छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ में संलिप्त बड़ी मछलियों के चेहरे बहुत जल्द बेनकाब होंगे।

झामुमो महासचिव ने कहा कि जेपीएससी में जैसे ही गड़बड़ी की शिकायत मिली,  मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। सरकार ने केवल विभागीय कार्रवाई तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि प्राथमिकी दर्ज कराई, जांच एजेंसी को जेपीएससी कार्यालय भेजा गया और अध्यक्ष सहित संबंधित पदाधिकारियों से पूछताछ की जा रही है।

अब तक कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जो इस बात का प्रमाण है कि हेमंत सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति पर काम कर रही है।

भाजपा पर बोला हमला 

पांडेय ने कहा कि झारखंड के युवा आज भी नहीं भूले हैं कि भाजपा के शासनकाल में जेपीएससी की परीक्षाएं लगातार विवादों, अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी रहीं।

राज्य गठन के बाद बाबूलाल मरांडी की सरकार के समय पहली संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा के दौरान मूल्यांकन प्रक्रिया, उत्तर पुस्तिकाओं में कथित हेरफेर और चयन प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठे।

उन्होंने कहा कि अर्जुन मुंडा सहित भाजपा के विभिन्न कार्यकाल में आयोजित जेपीएससी परीक्षाओं को लेकर भी कापियों में कथित हेरफेर, नंबर बढ़ाने, भाई-भतीजावाद तथा चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्न उठते रहे।

उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा का मानना है कि युवाओं का विश्वास ही राज्य की सबसे बड़ी पूंजी है। इस विश्वास को बनाए रखने के लिए सरकार हर आवश्यक कदम उठाती रहेगी और किसी भी दोषी को कानून से बचने का अवसर नहीं दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- JPSC की एक और भर्ती में गड़बड़ी की आशंका, माध्यमिक आचार्य अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों की जांच के आदेश