JPSC की एक और भर्ती में गड़बड़ी की आशंका, माध्यमिक आचार्य अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों की जांच के आदेश
माध्यमिक आचार्य पदों पर JSSC नियुक्ति में गड़बड़ी की आशंका के बाद झारखंड शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों की ...और पढ़ें
-1785691978034_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर
HighLights
JSSC माध्यमिक आचार्य नियुक्ति में गड़बड़ी की आशंका जताई गई है।
शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों की गहन जांच के आदेश दिए।
एक ही विश्वविद्यालय, सत्र से कई अभ्यर्थियों पर संदेह।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) के माध्यम से माध्यमिक आचार्य के पदों पर हुई नियुक्ति में भी गड़बड़ी की आशंका है। आयोग से अनुशंसित अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों को लेकर कई शिकायतें स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को मिली हैं।
इसपर संज्ञान लेते हुए विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक राजेश प्रसाद को सभी विषयों के अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों की जांच गहराई से कराने को कहा है।
जेएसएससी से कई विषयों में माध्यमिक आचार्य के पदों पर नियुक्ति की अनुशंसा मिलने के बाद विभाग ने सभी अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली थी। विभाग नियुक्ति पत्र वितरण की तैयारी भी कर रहा था।
इस बीच, कई अभ्यर्थियों के संबंध में शिकायतें मिलने के बाद विभाग ने अब दोबारा प्रमाणपत्रों की गहराई से जांच कराने का निर्णय लिया है। ऐसे में अब पूरी तरह जांच होकर संतुष्ट होने के बाद ही विभाग नियुक्ति पत्र वितरण समारोह आयोजित कर अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देगा।
एक ही विश्वविद्यालय और सत्र से कई अभ्यर्थी
सूत्रों के अनुसार, माध्यमिक आचार्य के पदों पर नियुक्ति के लिए जिन अभ्यर्थियों की नियुक्ति की अनुशंसा हुई है, उनमें कई अभ्यर्थी एक ही निजी विश्वविद्यालय से उत्तीर्ण हुए हैं।
इतना ही नहीं कई अभ्यर्थी एक ही सत्र और एक ही विषय के हैं। प्राप्तांक भी अभ्यर्थियों के समान हैं। इस संबंध में ही लिखित शिकायत विभाग को मिली है।
778 पदों के लिए मिली है विभाग को अनुशंसा
माध्यमिक विद्यालयों में माध्यमिक आचार्य के पदों पर नियुक्ति के लिए जेएसएससी से 20 विषयों में कुल 778 पदों पर नियुक्ति के लिए अभ्यर्थियों की अनुशंसा मिली है। जिन विषयों में अभ्यर्थियों की नियुक्त होनी है, उनमें समाजशास्त्र विषय में 128, मनोविज्ञान में 39, मानवशास्त्र में 15, दर्शनशास्त्र में 13, गृह विज्ञान में 52, भूगर्भशास्त्र में 24 तथा अप्लायड इंग्लिश में 44 अभ्यर्थी सम्मिलित हैं।
इसी तरह, राजनीति शास्त्र तथा विशेष शिक्षा में भी क्रमश: 190 तथा 70 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की अनुशंसा विभाग को मिली है। वहीं, संताली विषय में 55, हो में 15, कुरमाली में आठ, कुडुख में 16, मुंडारी में 11, उड़िया में दो, पंचपरगनिया में 10, बंगला में 12, खोरठा में 17, नागपुरी में 18 तथा उर्दू विषय में 39 अभ्यर्थियों की अनुशंसा की गई है। बताते चलें कि इस परीक्षा के माध्यम से कुल 1,373 पदों पर नियुक्ति होनी है।
