JPSC घोटाले पर CID की चार्जशीट: चचेरे भाई को रेंजर बनाने के लिए की थी 20 लाख की डील, मां के खाते से गए थे पैसे
जेपीएससी एफआरओ परीक्षा घोटाले में सीआईडी की चार्जशीट से खुलासा हुआ है कि सफल अभ्यर्थी ऋतिक रोशन ने अपनी मां के खाते से पतंजलि आईएएस एकेडमी के संचालक संजीत कुमार को तीन लाख रुपये का भुगतान किया था।

झारखंड सीआईडी ने दाखिल की चार्जशीट। (फाइल फोटो)
HighLights
ऋतिक रोशन ने मां के खाते से तीन लाख का भुगतान किया।
पतंजलि आईएएस एकेडमी संचालक संजीत कुमार को पैसे दिए गए।
परीक्षा के बाद गुप्त ठिकाने पर उत्तर लिखवाए गए।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, अनियमितता, ओएमआर शीट में हेराफेरी मामले की जांच कर रही सीआईडी ने चार्जशीट में कोर्ट को कई अहम जानकारियां दी है।
सीआईडी ने कोर्ट को बताया है कि फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर (एफआरओ) परीक्षा में सफल अभ्यर्थी ऋतिक रोशन ने अपनी मां कंचन कुमारी के बैंक ऑफ इंडिया के खाते से तीन लाख रुपये का भुगतान किया था।
यह भुगतान उसने पतंजलि आईएएस एकेडमी के संचालक संजीत कुमार को की थी। ऋतिक रोशन संजीत कुमार का चचेरा भाई है। संजीत कुमार ने उसे परीक्षा पास कराने के लिए 20 लाख रुपये में डील की थी। इसके लिए अनुचित माध्यम से ऋतिक रोशन को लाभ दिलाया गया था।
सीआईडी ने कोर्ट को बताया है कि 11 फरवरी 2026 को एफआरओ मुख्य परीक्षा के बाद ऋतिक को पंकज प्रसून के साथ रातू रोड के एक मकान में ले जाया गया।
वहां 12 अभ्यर्थी थे, जिन्हें उत्तर पुस्तिकाएं दी गईं और किताबों तथा एआई के माध्यम से प्रश्नों के उत्तर लिखे गए। सीआईडी ने संजीत कुमार व रविशंकर कुमार उर्फ रवि मास्टर के बयान में भी इसकी पुष्टि की है।
सीआईडी ने छानबीन में पाया है कि आरोपित पतंजलि आईएएस एकेडमी का संचालक संजीत कुमार एफआरओ परीक्षा उत्तीर्ण 119 अभ्यर्थियों के संपर्क में था। उस परीक्षा में कुल 743 अभ्यर्थी सफल हुए थे।
यह भी पढ़ें- JPSC परीक्षा में AI से लिखी गई थीं मुख्य परीक्षा की कॉपियां, रांची में गुप्त ठिकाने पर रात भर चला था खेल!