31 सवाल हल कर छोड़ी OMR शीट, स्कैनिंग के दौरान भर दिए 147 उत्तर; JPSC घोटाले में बड़े कारनामे उजागर
सीआईडी ने जेपीएससी परीक्षा घोटाले में सफल अभ्यर्थी रक्षक सिंह का खुलासा किया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
रक्षक सिंह ने ओएमआर व उत्तर पुस्तिका छेड़छाड़ का वीडियो बनाया।
केवल 31 प्रश्नों के उत्तर दिए, बाकी शीट खाली छोड़ी।
मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिका लिखने में चैट जीपीटी का उपयोग।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, ओएमआर शीट में हेराफेरी आदि से जुड़े मामले की जांच कर रही सीआईडी ने अपनी चार्जशीट में एक सफल अभ्यर्थी रक्षक सिंह का भी कच्चा चिट्ठा खोला है।
रक्षक सिंह उत्तर प्रदेश के लखनऊ का रहने वाला है और परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी मेसर्स टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) का अकाउंटेंट भी था।
सीआईडी ने जांच में पाया कि रक्षक सिंह ने खुद अपने मोबाइल से ओएमआर शीट व उत्तर पुस्तिकाओं में हो रहे छेड़छाड़ का वीडियो बनाया था।
रक्षक सिंह ने सीआईडी को बताया है कि उसने टीडीपीएल के निदेशक रामबीर सिंह व सत्यपाल सिंह के कहने पर एफआरओ परीक्षा का फॉर्म भरा था।
केवल 31 प्रश्नों को किया हल
निदेशकों ने उसे परीक्षा पास कराने की गारंटी दी थी। रक्षक सिंह उक्त परीक्षा में शामिल हुआ। उसने अपनी ओएमआर शीट में केवल 31 प्रश्नों के ही सही उत्तर भरे थे और पूरी शीट खाली छोड़ दी थी। उसने अपनी ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी टीडीपीएल निदेशक रामबीर सिंह को सौंप दी थी।
टीडीपीएल के कार्यालय में स्कैनिंग करने वाले प्रदीप कुमार सिंह व अन्य सहयोगियों ने रक्षक सिंह की खाली छोड़ी गई ओएमआर शीट में 147 प्रश्नों का उत्तर भर दिया था। इतना ही नहीं, मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिका लिखने के लिए रक्षक सिंह ने चैट जीपीटी की मदद ली थी।
सबूत के तौर पर रक्षक सिंह ने ओएमआर शीट व उत्तर पुस्तिका से छेड़छाड़ की इस पूरी प्रक्रिया का वीडियो व फोटो अपने मोबाइल से रिकॉर्ड किया था। सीआईडी ने उसके डिजिटल उपकरणों की जांच में इन सभी साक्ष्यों को संकलित किया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।