JPSC परीक्षा में अभ्यर्थी ने खाली रखी थी OMR शीट, ₹75 लाख में खरीदी सरकारी नौकरी; CID चार्जशीट में कई खुलासे
JPSC परीक्षा में अनियमितताओं की जांच कर रही CID ने चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें 75 लाख रुपये में नौकरी के सौदे का खुलासा हुआ है।

एआई से बनाई गई तस्वीर
HighLights
अभ्यर्थी ने 75 लाख में सरकारी नौकरी का सौदा किया।
परीक्षा में खाली छोड़ी OMR शीट बाद में भरी मिली।
ब्लैकलिस्टेड कंपनी को गोपनीय परीक्षा कार्य दिया गया।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में अनियमितता, कथित पेपर लीक, लेन-देन आदि से जुड़े मामले की जांच कर रही सीआइडी ने रांची स्थित सीआइडी की विशेष अदालत में दाखिल चार्जशीट में कई अहम जानकारियां दी है और उससे संबंधित सबूत भी प्रस्तुत की है।
सीआइडी ने जांच में पाया है कि अभ्यर्थी उमेश साहू का बिचौलिया अभय तिवारी के साथ जेपीएससी की परीक्षा में चयन कराने के लिए 75 लाख रुपये में सौदा हुआ था। इसके लिए उमेश ने एटीएम से भी रुपये निकाले और दोस्त से भी कर्ज लेकर कुछ राशि बिचौलिए तक पहुंचाई थी।
मुकेश कुमार उर्फ मुकेश साहू का 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में रोल नंबर 2601255880 था। अग्रिम तौर पर उसने 13 जुलाई 2026 को अपने सेंट्रल बैंक आफ इंडिया के खाते से 40 हजार रुपये निकाले और दोस्त से 50 हजार रुपये उधार भी लिया था।
इसके अलावा अन्य राशि सहित कुल पांच लाख रुपये नकद एक अन्य बिचौलिए उमेश कुमार के पास रातू रोड में पहुंचाई थी, वहां उसने अपनी ओएमआर शीट की कार्बन कापी भी दी थी।
खाली रखी थी OMR शीट
सीआइडी के मुताबिक परीक्षा केंद्र के सीसीटीवी फुटेज में मुकेश अधिसंख्य समय खाली बैठा दिखा और उसने बहुत कम प्रश्नों के उत्तर लिखे, जबकि मूल्यांकन के लिए भेजी गई मूल ओएमआर शीट में अधिकतर प्रश्नों के गोले भरे मिले।
जांच एजेंसी का दावा है कि परीक्षा के बाद एजेंसी के कर्मियों और सिंडिकेट की मिलीभगत से शीट में जवाब भरे गए। पूछताछ में मुकेश ने अनुचित साधनों से पीटी पास करने की बात स्वीकार की थी।
ब्लैकलिस्टेड कंपनी को दिया काम
सीआइडी ने कोर्ट को बताया है कि लखनऊ की एजेंसी मेसर्स टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड को जेएसएससी ने 20 मई 2025 को लापरवाही और तथ्य छिपाने के आरोप में तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट किया था। इसके बावजूद जेपीएससी ने जून 2025 के बाद नियमित टेंडर के बिना उसे गोपनीय परीक्षाओं का काम दिया।
अप्रैल 2026 में हुई पीटी की उत्तरकुंजी जारी होने से पहले, 26 मई 2026 को तत्कालीन उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता ने इसे अपने वाट्सएप नंबर से टीडीपीएल कर्मी उस्मान को भेजा था।
जांच के अनुसार, कंपनी के मार्केटिंग मैनेजर मनोज कुमार तिवारी उर्फ अभय कुमार तिवारी सिंडिकेट का सरगना था। वह पीटी के लिए पांच लाख और अंतिम चयन के लिए 10 से 25 लाख रुपये तक वसूलता था।
यह भी पढ़ें- परिसीमन बिल: आरक्षण की शर्त पर समर्थन कर सकती है हेमंत सोरेन की पार्टी, एक्सपर्ट की राय के बाद होगा अंतिम फैसला
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।