विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

परिसीमन बिल: आरक्षण की शर्त पर समर्थन कर सकती है हेमंत सोरेन की पार्टी, एक्सपर्ट की राय के बाद होगा अंतिम फैसला 

Published: Sat, 28 Nov 2026 09:33 PM (GMT+05:30)

झामुमो परिसीमन विधेयक का अध्ययन कर रहा है और विशेषज्ञ राय के बाद अंतिम निर्णय लेगा। पार्टी विधेयक का समर्थन कर सकती है यदि झारखंड में आरक्षित सीटों में आनुपातिक वृद्धि सुनिश्चित की जाती है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन। फाइल फोटो

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन। फाइल फोटो

HighLights

  1. झामुमो परिसीमन विधेयक का गहन अध्ययन करेगा।

  2. आरक्षित सीटों में आनुपातिक वृद्धि पर समर्थन संभव।

  3. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन संवैधानिक विशेषज्ञों से राय लेंगे।

राज्य ब्यूरो, रांची। झामुमो ने फैसला लिया है कि परिसीमन विधेयक का पहले अध्ययन किया जाएगा। इसके बाद फैसला होगा। झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में शनिवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में सभी छह सांसदों की बैठक हुई।

बैठक के दौरान लोकसभा पोर्टल से परिसीमन विधेयक की प्रति निकाली गई। सभी सांसदों को दिया गया। उनसे कहा गया कि सारे लोग अध्ययन करेंगे।

मुख्यमंत्री ने भी संविधान विशेषज्ञ से विधेयक के प्रविधानों को समझने की बात कही। तय हुआ कि सभी सांसद रविवार की दोपहर दिल्ली निकल जाएंगे। मुख्यमंत्री सबके संपर्क में रहेंगे।

विशेषज्ञ की राय के बाद अंतिम निर्णय होगा। बैठक के दौरान यह बात भी आई कि झारखंड में आरक्षित सीटों में अनुपातिक बढ़ोत्तरी की जाती है, तो परिसीमन विधेयक के समर्थन पर विचार किया जा सकता है।

बैठक के दौरान असम में किए गए परिसीमन का मसला भी उठा। तय हुआ कि विधेयक में परिसीमन की जो प्रक्रिया बताई गई है, उसे भी समझा जाएगा।

मुख्यमंत्री समझ रहे हैं, जो कहेंगे वही करेंगे : महुआ

राज्यसभा सदस्य महुआ माजी ने कहा कि झामुमो अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन प्रस्तावित विधेयक पर विशेषज्ञ की राय लेंगे। सभी सांसदों को भी विधेयक की प्रति दी गई है। सबको पढ़ने को कहा गया है।

झारखंड में आनुपातिक रूप से आरक्षित सीटें बढ़ती हैं तो विधेयक के समर्थन पर सोचा जा सकताौह। और भी चीजों को देखना होगा। अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। जो मुख्यमंत्री कहेंगे हम वही करेंगे।

सांसद वैद्यनाथ राम ने कहा कि परिसीमन में एससी-एसटी सीटों में आनुपातिक वृद्धि होती है तो विधेयक के समर्थन पर सोचा जा सकता है। इसके लिए विधेयक को समझना होगा।

असम में जैसे परिसीमन हुआ, वो विचारणीय : विजय

राजमहल के झामुमो सांसद विजय हांसदा ने कहा कि असम में जिस तरीके से परिसीमन किया गया था, वो नागरिकों के हित में नहीं है। झारखंड में भी ऐसा होगा तो उसका विरोध किया जाएगा। परिसीमन विधेयक के सभी पहलुओं को समझा जाएगा। जल्दबाजी में कोई निर्णय नहीं होगा।

संसद में व्यापक चर्चा और कानूनी राय लेने पर जोर

राज्यसभा सदस्य सरफराज अहमद ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बैठक में झारखंड के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही है। आरक्षित सीटों में आनुपातिक बढ़ोतरी होती है तो सोचा जा सकता है।

प्रस्तावित परिसीमन का झारखंड पर क्या असर पड़ेगा, यह समझना होगा। विधेयक पर संसद में व्यापक चर्चा होनी चाहिए। कानूनी राय भी ली जायेगी। प्रस्तावित प्रविधानों के प्रभावों का आकलन भी किया जाएगा।

अनुपातिक प्रतिनिधित्व का मायने यह

झारखंड में लोकसभा और विधानसभा की आरक्षित सीटों में भी अनुपातिक बढ़ोत्तरी करने का प्रविधान किया जाय तो परिसीमन विधेयक का समर्थन करने पर झामुमो विचार करेगा।

आशय यह है कि अभी अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की जितनी प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं, अगले परिसीमन के बाद भी उतनी प्रतिशत सीटें ही आरक्षित होनी चाहिए।

झारखंड में लोकसभा की 14 सीटें हैं, जिनमें छह आरक्षित हैं। 42.86 प्रतिशत पांच अनुसूचित जनजाति और एक अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। आशय है कि 42.86 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं।

प्रस्तावित परिसीमन के मुताबिक इनकी संख्या बढ़ कर 21 होंगी। आनुपातिक प्रतिनिधित्व बढ़ाया जाय तो परिसीमन के बाद आरक्षित सीटें 9 होनी चाहिए।

विधानसभा की बात करे तो 81 में 37 निर्वाचन क्षेत्र आरक्षित हैं। अनुसूचित जनजाति के लिए 28 और अनुसूचित जाति के लिए 9 सीटें आरक्षित हैं। अभी 45.68 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं।

प्रस्तावित परिसीमन के बाद 50 प्रतिशत सीटें बढ़ेंगी तो झारखंड के कुल विधानसभा क्षेत्रों की संख्या 122 हो जाएगी। आनुपातिक प्रतिनिधित्व के तहत यह संख्या 56 हो जाएगी।

झारखंड के आदिवासी और मूलवासी के हितों को ध्यान में रख कर परिसीमन विधेयक पर अंतिम निर्णय होगा। सैंद्धांतिक तौर पर तय किया गया कि आरक्षित सीटों का अनुपातिक प्रतिनिधित्व कायम रहा तो समर्थन पर विचार किया जाएगा। -कुणाल षाड़ंगी, केंद्रीय प्रवक्ता, झामुमो

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।