विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिसंबर में बनाएं इस खूबसूरत झरने पर पिकनिक का प्लान, निहारते रह गए थे झारखंड के CM हेमंत सोरेन

Published: Fri, 27 Nov 2026 04:43 PM (IST)

Jonha Falls: झारखंड में छुट्टियों के दिनों में पिकनिक मनाने के लिए रांची के पास स्थित जोन्हा जलप्रपात अच्छा विकल्प है। झरने से गिरती पानी की धार, चारों ओर फैली हरियाली और पहाड़ियों के बीच यादगार पल बिता सकते हैं।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन बीते जून में रांची के पास स्थित जोन्हा जलप्रपात के पास छुट्टी मनाने पहुंचे थे। फोटो सोर्स- @hemantsorenjmm/@kalpanamurmusoren (आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल)।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन बीते जून में रांची के पास स्थित जोन्हा जलप्रपात के पास छुट्टी मनाने पहुंचे थे। फोटो सोर्स- @hemantsorenjmm/@kalpanamurmusoren (आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल)।

HighLights

  1. नए साल पर पिकनिक के लिए आकर्षक जगह है जोन्हा फॉल्स।

  2. हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन ने जून 2026 में किया था जोन्हा फॉल्स का दौरा।

  3. जोन्हा फॉल्स को गौतमधारा के नाम से भी जाना जाता है।

डिजिटल डेस्क, रांची। ठंड का मौसम और दिसंबर का महीना, कुछ दिन बाद क्रिसमस और नए साल 2027 के स्वागत की तैयारी यानि छुट्टियों के दिन आने वाले हैं। क्या Long Holiday के दिनों को यादगार बनाना चाहते हैं?
अगर आप परिवार या दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के लिए किसी खूबसूरत जगह की तलाश कर रहे हैं तो रांची के पास स्थित जोन्हा जलप्रपात आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है।

झरने से गिरती पानी की धार, चारों ओर फैली हरियाली और पहाड़ियों के बीच बिताए गए पल आपकी छुट्टियों को यादगार बना सकते हैं। झारखंड की इसी प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद लेने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी अपनी पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ बीते जून में यहां जा चुके हैं।

hemant soren in jonha falls

मुख्यमंत्री ने खुद चलाई थी कार, स्थानीय लोगों से भी की थी बातचीत

28 जून 2026 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अलग अंदाज में नजर आए थे। वे खुद कार चलाकर रांची से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित जोन्हा फॉल पहुंचे थे। उनके साथ कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं। मुख्यमंत्री के अचानक यहां पहुंचने से वहां मौजूद पर्यटक और स्थानीय ग्रामीण उत्साहित हो गए थे।

जोन्हा फॉल पहुंचकर मुख्यमंत्री ने झरने और आसपास के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों, दुकानदारों और पर्यटकों से बातचीत भी की। लौटने के दौरान उन्होंने रास्ते में अपना काफिला रुकवाया और स्थानीय दुकानदारों से अमरूद व अन्य मौसमी फल खरीदे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने झारखंड की प्राकृतिक खूबसूरती की सराहना करते हुए कहा था कि जंगल जीवन हैं और झरने प्रकृति का संगीत हैं। उन्होंने राज्य की प्राकृतिक धरोहर को सहेजने और संरक्षित रखने की सामूहिक जिम्मेदारी पर भी जोर दिया था।

hemant soren in ranchi

गौतमधारा के नाम से भी जाना जाता है जोन्हा जलप्रपात

जोन्हा जलप्रपात को गौतमधारा के नाम से भी जाना जाता है। इसके पास भगवान बुद्ध का एक मंदिर स्थित है। झरने का पानी चट्टानों से गिरते हुए नीचे नदी में मिलता है। इसकी प्राकृतिक बनावट और आसपास का वातावरण इस जगह को खास बनाते हैं। यहां आने वाले पर्यटक झरने के नजारे के साथ आसपास की प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद ले सकते हैं।

jonha falls tourism website

रांची से 40-45 किलोमीटर दूर है यह खूबसूरत जगह

जोन्हा फॉल रांची-पुरुलिया हाईवे पर स्थित है। राजधानी से इसकी दूरी अलग-अलग पर्यटन विवरणों में करीब 40 से 45 किलोमीटर बताई गई है। सड़क मार्ग से यहां पहुंचा जा सकता है। इसके अलावा रेल मार्ग से आने वाले पर्यटकों के लिए जोन्हा रेलवे स्टेशन सबसे नजदीक है, जो जलप्रपात से लगभग 1.5 किलोमीटर दूर है।

सड़क मार्ग से आने वाले लोग रांची-पुरुलिया रोड से यहां पहुंच सकते हैं। रास्ते में मुख्य सड़क से करीब 4.8 किलोमीटर का रास्ता तय करना पड़ता है।

jonha falls

नए साल पर पिकनिक के लिए बना सकते हैं प्लान

अगर आप नए साल पर दोस्तों या परिवार के साथ शहर की भीड़भाड़ से दूर कुछ समय बिताना चाहते हैं तो जोन्हा फॉल को अपनी घूमने की सूची में शामिल कर सकते हैं। यहां प्राकृतिक नजारों के बीच समय बिताने का मौका मिलता है। हालांकि, पिकनिक पर जाने से पहले मौसम, रास्ते और स्थानीय सुरक्षा संबंधी निर्देशों की जानकारी जरूर ले लें। झरने के आसपास फिसलन वाली चट्टानों और पानी के बहाव को देखते हुए सावधानी बरतना भी जरूरी है। 

नोट: यह खबर झारखंड पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज से प्राप्त जानकारी के आधार पर तैयार की गई है।

यह भी पढ़ें- IPL से रिटायरमेंट के बाद नए अंदाज में दिखे MS Dhoni, पत्नी साक्षी के साथ पतरातू की वादियों का उठाया लुत्फ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।