परिसीमन बिल पर JMM ने नहीं खोले पत्ते, INDIA गठबंधन की बैठक में हेमंत के जाने पर भी सस्पेंस
झामुमो ने परिसीमन बिल पर अभी तक अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है, जबकि कांग्रेस इसका विरोध कर रही है।

झामुमो प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी की फाइल फोटो।
HighLights
झामुमो ने परिसीमन बिल पर अभी तक रुख स्पष्ट नहीं किया।
पार्टी नेतृत्व 'देखो और इंतजार करो' की नीति पर कायम।
अनुसूचित जनजाति आरक्षित सीटों के अनुपात पर विचार करेगा।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में सत्तारूढ़ दल झामुमो ने परिसीमन बिल पर पत्ते नहीं खोले हैं। झामुमो का शीर्ष नेतृत्व फिलहाल देखो और इंतजार करो की नीति पर है।
शनिवार को दिल्ली में आईएनडीआईए गठबंधन की बैठक होनी है। झामुमो अध्यक्ष हेमंत सोरेन अथवा उनके प्रतिनिधि बैठक में जाएंगे अथवा नहीं, यह भी साफ नहीं है।
संशय को और बढ़ाते हुए झामुमो प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि पहले विधेयक को देखा जाएगा। अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों का अनुपात देखना होगा। बहुत सारे पहलुओं को देखना होगा। इसके बाद देश और झारखंड हित में निर्णय लिया जाएगा।
अप्रैल 2026 में लोकसभा में परिसीमन बिल पेश हुआ था तो झामुमो समेत विपक्षी गठबंधन ने इसका विरोध किया था। बिल के खिलाफ मतदान भी किया था।
दो तिहाई बहुमत नहीं मिलने से तब बिल गिर गया था। 2008 में भी देश में परिसीमन हो रहा था तो झामुमो ने विरोध किया था।
आशंका थी कि जनगणना के आधार पर होने वाले परिसीमन के कारण झारखंड में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों की संख्या कम हो जाएगी।
उस वक्त झामुमो अध्यक्ष स्वर्गीय शिबू सोरेन ने विरोध किया था और भी राजनीतिक दलों की आपत्ति के कारण तब झारखंड में विधानसभा सीटों का परिसीमन नहीं हुआ था।
कांग्रेस और झामुमो झारखंड की सत्ता के साझेदार
झारखंड में कांग्रेस और झामुमो सत्ता के साझेदार हैं। प्रस्तावित परिसीमन बिल का कांग्रेस विरोध कर रही है तो झामुमो ने फिलहाल चुप्पी साध ली है। झामुमो के इस रूख से कांग्रेस के भीतर भी बेचैनी है। एक-दो दिन में झामुमो का रूख और साफ हो सकता है।