विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड की राजनीति में मुंडा और सोरेन परिवार के अटूट मानवीय रिश्ते, 1995 में झामुमो से शुरू हुआ था अर्जुन मुंडा का सियासी सफर

Published: Fri, 27 Nov 2026 06:14 PM (GMT+05:30)

झारखंड की राजनीति में झामुमो और भाजपा के धुर विरोधी होने के बावजूद सोरेन और मुंडा परिवार के बीच मानवीय रिश्ते मजबूत हैं। हाल ही में दोनों परिवारों ने मातृशोक सहा, जिसमें उन्होंने एक-दूसरे को संबल दिया, जो दलीय राजनीति से ऊपर उठकर आत्मीय संबंधों का प्रमाण है।

हर सुख-दुख में साथ खड़े दिखे दोनों शीर्ष नेता।

हर सुख-दुख में साथ खड़े दिखे दोनों शीर्ष नेता।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। झारखंड की राजनीति में झामुमो और भाजपा भले ही धुर विरोधी हों, लेकिन सोरेन परिवार और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के बीच मानवीय रिश्तों की डोर तीन दशक बाद भी मजबूत है। शुक्रवार को घोड़ाबांधा में दिखा दृश्य प्रमाण है कि दोनों परिवारों के आत्मीय संबंधों के आड़े दलीय राजनीति कभी नहीं आई।

डेढ़ महीने के भीतर दोनों परिवारों ने सहा मातृशोक

संयोग से डेढ़ महीने के भीतर दोनों शीर्ष नेताओं ने मातृशोक सहा और दुख की घड़ी में एक-दूसरे को संबल दिया। सात अक्टूबर 2026 को हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन हुआ था।

आठ अक्टूबर को अंतिम संस्कार से पहले अर्जुन मुंडा रांची स्थित मोरहाबादी आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और परिवार को ढांढस बंधाया था। अब 23 नवंबर को सायरा मुंडा के निधन पर हेमंत ने अर्जुन मुंडा को बड़ा भाई संबोधित कर शोक जताया और शुक्रवार को स्वयं घोड़ाबांधा पहुंचे।

झामुमो से शुरुआत और गुरुजी की वह टिप्पणी

अर्जुन मुंडा के राजनीतिक जीवन की नींव झारखंड मुक्ति मोर्चा से ही पड़ी थी। वर्ष 1995 में उन्होंने झामुमो के टिकट पर खरसावां से पहली बार चुनाव जीतकर एकीकृत बिहार विधानसभा में कदम रखा।

तब दिशोम गुरु शिबू सोरेन से उन्हें राजनीति की बारीकियां सीखने को मिलीं। बाद में वे भाजपा में शामिल हो गए। मार्च 2003 में जब मुंडा महज 35 वर्ष की उम्र में राज्य के दूसरे मुख्यमंत्री बने, तब शिबू सोरेन ने गर्व से कहा था कि उन्होंने ही अर्जुन को तीर चलाना सिखाया है।

kalpna pic

सत्ता के उतार-चढ़ाव भी नहीं तोड़ सके मर्यादा

राजनीतिक सफर में दोनों परिवारों ने कई उतार-चढ़ाव देखे। सितंबर 2010 से जनवरी 2013 के बीच अर्जुन मुंडा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में हेमंत सोरेन उपमुख्यमंत्री रहे। बाद में झामुमो के समर्थन वापस लेने से सरकार गिरी और जुलाई 2013 में हेमंत पहली बार मुख्यमंत्री बने।

वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में पोटका सीट पर अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा के सामने झामुमो के संजीब सरदार मैदान में थे, लेकिन शुक्रवार को संजीब सरदार भी मुंडा आवास पर संवेदना जताने पहुंचे।

बाइक से नेमरा पहुंचकर गुरुजी को दिया था अंतिम जोहार

अगस्त 2025 में शिबू सोरेन के निधन पर जब गोला से नेमरा तक भारी जाम लगा था, तब अर्जुन मुंडा सियासी मतभेद भुलाकर करीब सात किलोमीटर बाइक चलाकर नेमरा पहुंचे और गुरुजी को अंतिम जोहार किया था। अब हेमंत सोरेन का नेमरा से सीधे जमशेदपुर आकर श्रद्धांजलि देना झारखंड की सियासत में मानवीय संवेदना व सामाजिक सौहार्द का प्रेरक संदेश है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।