विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Jharkhand Weather: झारखंड में चक्रवात का दिखेगा असर, 27 से 30 अक्टूबर तक बारिश; तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी

Published: Mon, 26 Oct 2026 06:00 AM (IST)

बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती सिस्टम झारखंड के मौसम को प्रभावित करेगा, जिससे 27 से 30 अक्टूबर के ...और पढ़ें

झारखंड में 27 से 30 अक्टूबर तक भारी बारिश, वज्रपात की चेतावनी।

झारखंड में 27 से 30 अक्टूबर तक भारी बारिश, वज्रपात की चेतावनी।

जागरण संवाददाता, रांची। बंगाल की खाड़ी में तेजी से शक्तिशाली हो रहा चक्रवाती सिस्टम झारखंड के मौसम को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में 27 से 30 अक्टूबर के बीच गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने इस दौरान तेज हवा चलने और वज्रपात को लेकर भी चेतावनी दी है। कुछ इलाकों में भारी बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, झारखंड में मौसम का वास्तविक असर चक्रवाती सिस्टम की दिशा, गति और तीव्रता पर निर्भर करेगा।

वहीं मौसम विभाग के रविवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, पूर्वी-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना गहन अवदाब तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके सोमवार की सुबह तक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके बाद इसकी तीव्रता और बढ़ सकती है। 27 अक्टूबर की सुबह तक इसके प्रचंड चक्रवाती तूफान का रूप लेने का अनुमान है।

28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश तट पर पहुंचने का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती सिस्टम के 28 अक्टूबर की सुबह तक आंध्र प्रदेश तट के पास पहुंचने की संभावना है। इसके बाद बापटला और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश तथा यानम के तटीय इलाकों को पार करने का अनुमान है।

तट पार करते समय हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। वहीं, तेज झोंकों की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के तटों के लिए मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी किया है।

27 अक्टूबर से झारखंड में बदलेगा मौसम

चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से झारखंड में 27 अक्टूबर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के पूर्वी, दक्षिणी और आसपास के मध्यवर्ती इलाकों में कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात की आशंका है।

28 और 29 अक्टूबर को बारिश की संभावना

28 अक्टूबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। दक्षिणी और आसपास के मध्य जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है। 29 अक्टूबर को भी कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

उत्तर-पश्चिमी, दक्षिणी और आसपास के मध्यवर्ती जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। 30 अक्टूबर को भी राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। विभाग ने दो दिनों के लिए चक्रवात को लेकर औरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

रांची में सुबह धुंध, फिर बारिश के आसार

राजधानी रांची में रविवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को सुबह कोहरा या धुंध रहने के बाद आसमान मुख्य रूप से साफ देखा गया है। 26 अक्टूबर को भी सुबह हल्की धुंध के साथ आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।

इसके बाद 27 अक्टूबर से मौसम बदलने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में बादलों की आवाजाही बढ़ने से तापमान में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।

वज्रपात के दौरान सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने 27 से 30 अक्टूबर के दौरान संभावित बारिश, तेज हवा और वज्रपात को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। एक नवंबर से मौसम का असर कम हो जाएगा।

गरज-चमक के दौरान खुले मैदान में जाने, पेड़ों के नीचे खड़े होने और बिजली के खंभों के पास रहने से बचना चाहिए। किसानों को खेतों में काम करते समय मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखने की जरूरत है। 

यह भी पढ़ें- मनाली और रोहतांग में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, मौसम के दीवाने हुए सैलानी; बर्फबारी का लिया आनंद

यह भी पढ़ें- ठंड का मौसम शुरू होते ही अयोध्या में रामलला की दिनचर्या में परिवर्तन, एक से लागू होगी नई समय सारिणी