मनाली और रोहतांग में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, मौसम के दीवाने हुए सैलानी; बर्फबारी का लिया आनंद
सप्ताहांत में मनाली और रोहतांग दर्रे पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी, लगभग 10 हजार लोगों ने बर्फ से ढकी ...और पढ़ें

मनाली में घुड़सवारी का आनंद लेते पर्यटक। फोटो जागर
HighLights
सप्ताहांत में मनाली-रोहतांग में 10 हजार पर्यटकों की भीड़।
ताजा बर्फबारी और सुहावने मौसम ने पर्यटकों को खूब लुभाया।
होटलों में 65-70% ऑक्यूपेंसी, साहसिक खेलों का भी आनंद।
जागरण संवाददाता, मनाली। सप्ताहांत के चलते पर्यटन नगरी मनाली और रोहतांग दर्रे में पर्यटकों का सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार को लगभग 10 हजार पर्यटकों ने बर्फ से ढके रोहतांग दर्रे और अटल टनल की वादियों का दीदार किया। सुहावने मौसम और ताजा बर्फबारी के चलते पर्यटक बर्फीली वादियों के दीवाने होते नजर आए। पिछले तीन दिनों में लगभग चार हजार पर्यटक वाहन कुल्लू-मनाली पहुंचे हैं।
रविवार को पर्यटकों ने रोहतांग की बर्फीली वादियों में सैर की और साहसिक खेलों का आनंद लिया। पर्यटकों ने ट्यूब स्लाइडिंग, स्कीइंग और स्नो बाइक राइड का लुत्फ उठाया और बर्फ से लदी चोटियों को अपने कैमरों में कैद किया। प्रशासन के अनुसार रविवार को रोहतांग दर्रे के लिए 660 परमिट बुक हुए थे, जबकि अटल टनल के पार भी हजारों पर्यटक सिस्सू और कोकसर की ओर गए।
होटलों में ऑक्यूपेंसी भी 65 से 70 प्रतिशत पहुंच गई
वहीं, शिंकुला और बारालाचा दर्रे में भी पर्यटकों की आवाजाही सुचारू रही और मनाली से लेह की ओर दर्जनों छोटे-बड़े वाहन रवाना हुए। होटलियर रमन, डोले राज, इंद्र व राजू ने बताया कि सप्ताहांत में पर्यटकों की रौनक बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि होटलों में आक्यूपेंसी भी 65 से 70 प्रतिशत पहुंच गई है।

मनाली मॉल रोड पर घूमते पर्यटक- फोटो जागरण
होटलियर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया कि ताजा बर्फबारी के बाद होटलों में ऑक्यूपेंसी बढ़ी है और आने वाले दिनों में पर्यटकों का सैलाब और उमड़ने की उम्मीद है।
उधर, डीएसपी लाहुल-स्पीति केडी शर्मा ने पर्यटकों और वाहन चालकों को मौसम की परिस्थितियों को देखकर ही सफर करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अचानक मौसम खराब हो रहा है, ऐसे में जरूरी सावधानी बरतें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
