विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Jharkhand Weather: झारखंड में अक्टूबर की विदाई के साथ गरजेंगे बादल! रांची समेत इन इलाकों में भारी बारिश के आसार

By Mansi KumariEdited By: Mansi Kumari
Published: Sun, 25 Oct 2026 06:00 AM (IST)

बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण झारखंड में अक्टूबर के आखिरी दिनों में मौसम बदलेगा। ...और पढ़ें

रांची समेत कई जिलों में 28-29 को भारी बारिश।

रांची समेत कई जिलों में 28-29 को भारी बारिश।

HighLights

  1. झारखंड में 27 अक्टूबर से बदलेगा मौसम, कई इलाकों में बारिश के आसार।

  2. बंगाल की खाड़ी में बना मौसमी तंत्र 26 अक्टूबर तक तूफान बन सकता है।

  3. रांची में आज सुबह कुहासा छाने के बाद आसमान साफ रहने का अनुमान।

डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड में अक्टूबर के आखिरी दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 27 अक्टूबर से राज्य में मौसम बदलना शुरू हो सकता है। वहीं, 28 और 29 अक्टूबर को कुछ इलाकों में गरज के साथ भारी बारिश होने के आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना मौसमी तंत्र मजबूत होने की संभावना है। पूर्वानुमान के मुताबिक, आज 25 अक्टूबर तक इसके गहरे अवदाब में बदलने और 26 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान का रूप लेने की आशंका जताई गई है।

इसके बाद यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों की ओर जा सकता है। इसका असर झारखंड के मौसम पर भी पड़ने की संभावना है। हालांकि, बारिश कितनी तेज होगी, यह मौसमी तंत्र की दिशा और उसकी तीव्रता पर निर्भर करेगा।

आज रांची में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार, आज यानी 25 अक्टूबर को राजधानी में सुबह के समय कुहासा छाया रह सकता है। इसके बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है।

आज रांची का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, 26 अक्टूबर को आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इस दिन अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

27 अक्टूबर से इन इलाकों में बारिश के आसार

झारखंड में 27 अक्टूबर से मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के पूर्वी, दक्षिणी और आसपास के मध्य हिस्सों में कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

इस दिन रांची का अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। ऐसे में अगले कुछ दिनों के दौरान राजधानी के तापमान में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।

28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 अक्टूबर को झारखंड के दक्षिणी और उससे सटे मध्य हिस्सों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 29 अक्टूबर को दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन दोनों दिनों में राजधानी रांची में भी बादल छाए रहने और बारिश होने के आसार हैं।

हालांकि, रांची में भारी बारिश को लेकर अलग से पुष्टि नहीं की गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बारिश की तीव्रता बंगाल की खाड़ी में बन रहे मौसमी तंत्र की आगे की स्थिति पर निर्भर करेगी। ऐसे में 28 और 29 अक्टूबर को घर से बाहर निकलने या यात्रा की योजना बनाने वाले लोगों के लिए मौसम के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखना जरूरी होगा। 

यह भी पढ़ें- Kal Ka Mausam 25 October: चक्रवाती तूफान के पूर्वानुमान के बीच रविवार को उत्तर बिहार में साफ रहेगा मौसम

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में फिर बदलने वाला है मौसम, 29 और 30 अक्टूबर को बारिश होगी; तापमान में भी गिरावट होगी