विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Jharkhand Weather: अकवान गया, बादलों का पहरा छोड़ गया! झारखंड में बारिश के बाद अब कोहरे की एंट्री; ठंड दिखाएगी तेवर

Published: Sun, 22 Nov 2026 06:00 AM (IST)

चक्रवाती तूफान अकवान के कमजोर पड़ने के बावजूद झारखंड के मौसम पर असर दिख रहा है। रांची समेत कई हिस्सों में बादल छाए रहे, बूंदाबांदी हुई और तापमान गिरा, जिससे कनकनी महसूस हुई। 

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।

HighLights

  1. अकवान के बाद झारखंड में बारिश, तापमान में गिरावट दर्ज।

  2. रविवार को हल्की बारिश, 23 नवंबर से मौसम में सुधार संभव।

  3. 24-25 नवंबर को रांची समेत कई इलाकों में कोहरे की संभावना।

डिजिटल डेस्क, रांची। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अकवान का असर कमजोर पड़ने के बाद भी झारखंड के मौसम पर दिखाई दे रहा है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे और कई जगहों पर रुक-रुककर बूंदाबांदी हुई। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को कनकनी का एहसास हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार, आज रविवार को भी राज्य के कुछ हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना है। राजधानी रांची में रविवार को सामान्यत: बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान कुछ समय के लिए बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, रांची में 22 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 17 डिग्री रहने की संभावना है। 23 नवंबर को अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 15 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं, 24 और 25 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान क्रमश: 13 और 12 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है।

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि शनिवार को करीब 1.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राजधानी का अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.1 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री की गिरावट, जबकि न्यूनतम तापमान में 1.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई।

23 नवंबर से मौसम में होगा सुधार

मौसम विभाग के अनुसार, आज 22 नवंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार हैं। हालांकि, इस दिन भारी बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बाद 23 नवंबर से आसमान साफ होने की संभावना है। बारिश की गतिविधियों में कमी आने के साथ मौसम में धीरे-धीरे सुधार हो सकता है।

24 और 25 नवंबर को छा सकता है कोहरा

बारिश के बाद मौसम साफ होने पर सुबह के समय कोहरे का असर भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 24 और 25 नवंबर को राजधानी रांची समेत राज्य के कई इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छाने का पूर्वानुमान जताया है। वहीं, गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति में लोगों को खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

जलजमाव से राहगीरों को हुई परेशानी

दिनभर हुई बूंदाबांदी का असर शहर की सड़कों पर भी देखने को मिला। कई प्रमुख मार्गों और गली-मोहल्लों में पानी जमा होने से राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी हुई। बारिश के कारण सड़कें फिसलन भरी हो गईं।

वहीं, कोहरे और बादलों के कारण दृश्यता भी प्रभावित रही। वाहन चालकों को सावधानी से आवाजाही करनी पड़ी। बाजारों में भी आम दिनों की अपेक्षा कम भीड़ रही। फुटपाथ दुकानदारों और ठेला-खोमचा लगाने वालों का कारोबार प्रभावित हुआ। मौसम खराब रहने के कारण कई लोगों ने घरों में रहें।

कोडरमा में सबसे अधिक 39 मिमी बारिश

राज्य के अन्य जिलों में भी बारिश का असर देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार कोडरमा में सबसे अधिक 39 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। हजारीबाग में 12.5, दुमका में 4.5, लातेहार में 4, देवघर में 2, खूंटी में 1.5 और सरायकेला में 1 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं, पूर्वी सिंहभूम के दारीसाई में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 

यह भी पढ़ें- Kal Ka Mausam 22 November: चक्रवात का असर घटने के बाद रविवार को शुष्क रहेगा मौसम, छाए रह सकते बादल

यह भी पढ़ें- वैष्णो देवी जाने वालों के लिए जरूरी खबर, हेलीकॉप्टर, बैटरी कार और रोपवे सेवा चालू; यात्रा से पहले जानें मौसम का हाल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।