विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वैष्णो देवी जाने वालों के लिए जरूरी खबर, हेलीकॉप्टर, बैटरी कार और रोपवे सेवा चालू; यात्रा से पहले जानें मौसम का हाल

Published: Sat, 21 Nov 2026 06:48 PM (GMT+05:30)

Vaishno Devi Yatra : मौसम में लगातार बदलाव के बावजूद मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारू रूप से जारी है। शनिवार शाम तक 19 हजार श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया, जो उत्साह और श्रद्धा के साथ भवन की ओर बढ़ रहे हैं।

मां वैष्णो देवी के दिव्य दर्शन के लिए उत्साह और श्रद्धा के साथ भवन की ओर बढ़ते श्रद्धालु। (फोटो- जागरण)

मां वैष्णो देवी के दिव्य दर्शन के लिए उत्साह और श्रद्धा के साथ भवन की ओर बढ़ते श्रद्धालु। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. मौसम बदलने के बावजूद मां वैष्णो देवी यात्रा सुचारू रूप से जारी।

  2. शनिवार शाम तक 19 हजार श्रद्धालुओं ने यात्रा के लिए पंजीकरण कराया।

  3. सुरक्षा बल और श्राइन बोर्ड यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।

जागरण संवाददाता, कटड़ा। मौसम में पल-पल हो रहे बदलाव के बावजूद मां वैष्णो देवी की यात्रा पूरी तरह सुचारू रूप से जारी है। शनिवार को दिनभर मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिले। दोपहर तक आसमान पर हल्के बादलों का जमघट बना रहा और लगातार ठंडी हवाएं चलती रहीं। हालांकि, दोपहर बाद मौसम में सुधार हुआ और आसमान साफ होने के साथ धूप खिल गई। इसके बावजूद सर्दी का असर लगातार महसूस किया जाता रहा। श्रद्धालु ठंड से बचाव के लिए अपने साथ आवश्यकतानुसार गर्म कपड़े लेकर यात्रा कर रहे हैं।

मौसम में बदलाव के बीच भी श्रद्धालुओं के उत्साह और मां के प्रति अटूट आस्था में कोई कमी देखने को नहीं मिल रही है। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंच रहे श्रद्धालु पूरे जोश और श्रद्धाभाव के साथ मां के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ रहे हैं।

यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है और वर्तमान में यात्रा का माहौल मध्यम बना हुआ है। इसके चलते मार्ग पर श्रद्धालुओं की सामान्य चहल-पहल देखने को मिल रही है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यात्रा मार्ग पर कड़ी निगरानी

श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग, सीआरपीएफ तथा आपदा प्रबंधन दल के अधिकारी और जवान लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर तैनात सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन कर्मी श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ उन्हें आवश्यक सहयोग भी उपलब्ध करवा रहे हैं।

इसके अलावा प्रशासन की ओर से यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि मौसम में किसी भी तरह के बदलाव के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैटरी कार और रोपवे सेवा से भी आसान हो रही यात्रा

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को हेलीकाप्टर सेवा, बैटरी कार सेवा, रोपवे, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। इन सेवाओं का लाभ उठाकर श्रद्धालु अपनी सुविधानुसार मां के दरबार तक पहुंच रहे हैं। मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाकर श्रद्धालु अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना कर रहे हैं।

वहीं, दर्शन करने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु भैरव घाटी की ओर भी रवाना हो रहे हैं और बाबा भैरवनाथ के दरबार में शीश नवाकर अपनी यात्रा पूर्ण कर रहे हैं।

दर्शन के उपरांत श्रद्धालु कटड़ा पहुंचकर बाजारों में प्रसाद और अन्य सामान की खरीदारी भी कर रहे हैं, जिससे बाजारों में भी रौनक बनी हुई है।

शनिवार, 21 नवंबर को शाम चार बजे तक करीब 19 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर मां वैष्णो देवी भवन की ओर रवाना हो चुके थे। वहीं, श्रद्धालुओं के कटड़ा पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी था।


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।