Jharkhand Weather: रजाई से निकलना होगा मुश्किल! झारखंड में अगले दो दिनों में 3 डिग्री तक गिरेगा पारा; सुबह छाएगा कोहरा
Jharkhand Weather: झारखंड में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा, जिससे ठंड बढ़ेगी और सुबह कोहरा छाएगा। हालांकि, दिन में धूप खिलने से राहत मिलेगी, जबकि 30 नवंबर तक बारिश की कोई संभावना नहीं है।

झारखंड में बढ़ती ठंड के बीच सुबह छा रहा कोहरा। (फोटो सोर्स- जागरण आर्काइव)
HighLights
अगले दो दिनों में 2-3 डिग्री सेल्सियस तापमान गिरेगा।
सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान।
डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड में नवंबर के आखिरी दिनों के साथ ठंड का असर और बढ़ने वाला है। सुबह और रात के तापमान में गिरावट के कारण लोगों को कनकनी महसूस हो सकती है। हालांकि, दिन में मौसम साफ रहने और धूप खिलने से थोड़ी राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), रांची की ओर से 27 नवंबर को जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, इसके बाद अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। यानी नवंबर के अंतिम दिनों में सुबह और रात की ठंड बढ़ेगी, जबकि दिन का मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना रह सकता है।
सुबह कोहरा, दोपहर में साफ रहेगा आसमान
राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा या धुंध छाने का अनुमान है। ऐसे में सुबह घर से निकलने वाले लोगों और वाहन चालकों को थोड़ी परेशानी हो सकती है। खासकर खुले और ग्रामीण इलाकों में धुंध का असर अधिक महसूस होने की संभावना है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और धूप निकलेगी।
बालूमाथ में 8 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान
पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड में मौसम शुष्क रहा। लातेहार के बालूमाथ में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजधानी रांची में यह 12 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे साफ है कि राज्य के कुछ इलाकों में ठंड का असर राजधानी से अधिक महसूस होने लगा है।
30 नवंबर तक बारिश की संभावना नहीं
रांची में 27 नवंबर को अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 28 नवंबर को अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री रह सकता है। वहीं, 29 नवंबर को तापमान 24 और 12 डिग्री तथा 30 नवंबर को 24 और 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
उधर, बालूमाथ में 26 से 28 नवंबर तक न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और 29 व 30 नवंबर को 9 डिग्री के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग ने 30 नवंबर तक राज्य में बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है। ऐसे में फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा और लोगों को ठंड के साथ सुबह की धुंध का सामना करना पड़ेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।