झारखंड में मतदाता सूची में नाम नहीं है? फॉर्म-6 भरकर जुड़वा सकते हैं अपना नाम; SIR को लेकर निर्वाचन पदाधिकारी ने दिए निर्देश
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों को एसआईआर अवधि में कम से कम एक मतदाता जागरूकता ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
झारखंड में 4,461 इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब गठित और सक्रिय हैं।
SIR के दौरान हर क्लब को एक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम करना होगा।
पात्र युवाओं को फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने एसआईआर अवधि में प्रत्येक इलेक्टाेरल क्लब से कम से कम एक मतदाता जागरुकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गुरुवार को राज्य के सभी प्रमंडलों के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के समन्वयकों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक के क्रम में इसके निर्देश दिए।
बैठक में कॉलेज एवं विद्यालय स्तर पर मतदाता जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी बनाने, एसआईआर के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा युवा एवं अन्य पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए समन्वित प्रयासों पर चर्चा की गई।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने इस क्रम में कहा कि राज्य में 5,535 इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब गठित करने के लक्ष्य के विरुद्ध 4,461 क्लब गठित एवं सक्रिय हैं। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित न रहे, इसके लिए इन क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं और उनके परिवारों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक विद्यालय में मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाए। उन्होंने ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से पात्र युवा भारतीय नागरिकों को फॉर्म-6 एवं घोषणा पत्र भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि क्लब के पदाधिकारी एवं समन्वयक नागरिकों को ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया समझाएं तथा फार्म भरने में आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराएं।
साथ ही, एसआईआर एवं मतदाता सूची में नाम जोड़ने से संबंधित सही प्रक्रिया और पात्रता संबंधी प्रावधानों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि किसी प्रकार की भ्रामक सूचना या गलतफहमी की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने फेक न्यूज को लेकर भी मतदाताओं को जागरुक करने पर जोर दिया।
