बेटी के सपनों के लिए पिता ने लगा दी जीवनभर की कमाई, अब PM मोदी से मिलेगी झारखंड की पैरा शटलर संजना
झारखंड की पैरा शटलर संजना कुमारी, जिन्होंने एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीता है, 5 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र ...और पढ़ें

संजना कुमारी 5 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी से मिलेंगी।
HighLights
संजना कुमारी 5 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी से मिलेंगी।
एशियन पैरा गेम्स में बैडमिंटन में कांस्य पदक जीता।
पिता ने राज्य सरकार से सहयोग न मिलने पर नाराजगी जताई।
डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड की बेटी संजना कुमारी के संघर्ष और सफलता की कहानी अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचेगी। जापान में आयोजित पांचवें एशियन पैरा गेम्स में बैडमिंटन की महिला सिंगल्स एसएल-3 स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली लोहरदगा की 23 वर्षीय पैरा शटलर संजना पांच नवंबर को प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगी। नई दिल्ली में होने वाली इस मुलाकात में वह भारतीय एशियन पैरा गेम्स दल के अन्य खिलाड़ियों के साथ शामिल होंगी।
प्रधानमंत्री से पहली बार मिलने को लेकर संजना काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए खास मौका होगा। यदि उन्हें अवसर मिला तो वह अपने हाथों से तैयार किया गया उपहार प्रधानमंत्री को भेंट करना चाहेंगी।
संजना के पिता एवं पूर्व सैनिक रतन कुमार ने राज्य सरकार के रवैये पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीतने के बावजूद अब तक झारखंड सरकार की ओर से उनकी बेटी को न तो बधाई दी गई और न ही किसी तरह का सहयोग मिला। उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वह अपनी कमाई से बेटी के प्रशिक्षण का खर्च उठा रहे हैं।
रतन कुमार का कहना है कि सरकार की ओर से बेटी की उपलब्धि की सराहना और उसे सहयोग मिलता, तो उसका मनोबल और बढ़ता। हालांकि, उन्हें उम्मीद है कि राज्य सरकार भविष्य में संजना को जरूरी सहयोग जरूर देगी।
संजना को बचपन से ही शरीर के बाएं हिस्से यानी हाथ और पैर में शारीरिक परेशानी रही है। इसके बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और लगन के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई और एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीतकर झारखंड का नाम रोशन किया।
पीएम मोदी ने दी थी बधाई
संजना के जीतने पर पीएम मोदी ने एक्स के जरिए उन्हें बधाई भी दी थी।

यह भी पढ़ें- PM मोदी ने जानी चंडीगढ़ की पर्यटन संभावनाएं, फिल्म शूटिंग और यूनेस्को धरोहर पर हुई चर्चा